गोरखपुर। एनई रेलवे ग्राउंड पर मंगलवार को खेले गए इंटर क्लब क्रिकेट लीग के मुकाबले में चंद्रा क्रिकेट एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लक्ष्य स्पोर्ट्स एकेडमी को छह विकेट से पराजित कर दिया। इस मैच के हीरो रहे प्रिंस, जिन्होंने घातक गेंदबाजी के साथ उपयोगी बल्लेबाजी कर टीम को जीत दिलाई और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
टॉस जीतकर लक्ष्य स्पोर्ट्स एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन उनकी पूरी टीम 13.3 ओवर में मात्र 64 रन पर सिमट गई। लक्ष्य का कोई भी बल्लेबाज दहाईं का आंकड़ा नहीं छू सका। चंद्रा की गेंदबाजी में प्रिंस ने कहर बरपाते हुए 6 ओवर में सिर्फ 19 रन देकर 7 विकेट झटके। जवाब में चंद्रा क्रिकेट एकेडमी ने 18 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
लीग का दूसरा मैच सेंट एंड्रयू कॉलेज ग्राउंड पर खेला गया। इसमें एसकेपी क्रिकेट क्लब बस्ती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केडीसीए को 85 रनों से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एसकेपी की टीम 27.3 ओवर में 141 रन पर सिमट गई, लेकिन गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के सामने केडीसीए की पूरी टीम 16.4 ओवर में महज 56 रन पर ढेर हो गई। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए आशुतोष चौधरी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।