गोरखपुर शहर के कैंट और कोतवाली इलाके में मंगलवार सुबह एक घंटे के भीतर लूट की दो वारदात को बाइक सवार बदमाशों ने अंजाम दिया। कैंट इलाके में बदमाशों ने बर्तन व्यापारी की पत्नी से सोने की चेन लूट ली। पुलिस जांच में जुटी थी। तभी एक घंटे के भीतर कोतवाली के बक्शीपुर के पास बदमाशों ने छात्रा का मोबाइल लूट लिया।
वारदात के बाद एक समाचार पत्र वितरक सोनू गुप्ता ने बदमाशों को ऑटो से दौड़ लिया। ऑटो से बाइक टकराने के बाद बदमाश गिर गए और असलहा तानकर बाइक और मोबाइल मौके पर ही छोड़ फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, राजघाट के अलहदादपुर निवासी बर्तन व्यवसायी संजय की पत्नी अरुणिमा मंगलवार सुबह 5:15 बजे प्रेम चंद पार्क में टहलने जा रहीं थीं। कैंट क्षेत्र में अलहदादपुर चौराहा पर पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर चेन लूट ली। संजय की सूचना के बाद पुलिस जांच में जुटी थी कि एक घंटा बाद नखास चौराहा पर बाइक सवार बदमाशों ने परीक्षा देने जा रही छात्रा विशाखा मोदनवाल का मोबाइल छीन लिया।
छात्रा के शोर मचाने पर समाचार पत्र वितरक सोनू गुप्ता ने बदमाशों को दौड़ा लिया। पीछे से पीआरवी के जवान शशिरंजन और होमगार्ड संदीप कुमार तलाश में जुट गए। नखास चौराहा के पास पुलिसकर्मियों को देख बदमाश ने स्पीड़ बढ़ा दी। भागने की हड़बड़ी में उनकी बाइक ऑटो से टकरा गई।
सड़क पर गिरे लुटेरे पकड़े जाने के डर से अपनी बाइक व छात्रा का मोबाइल छोड़ पैदल ही भाग निकले। पीआरवी के जवानों ने लूटा गया मोबाइल छात्रा को सुपुर्द करने के साथ ही बरामद हुई बाइक कोतवाली थाने भेज दी। बरामद हुई बाइक गोरखनाथ क्षेत्र के रहने वाले व्यक्ति के नाम से है। जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है।
एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई ने कहा कि दोनों घटना में एक ही गिरोह के वारदात करने की आशंका है। पुलिस टीमें लगाई गईं हैं। सीसी टीवी कैमरों की मदद से पुलिस मामले की जांच कर रही है।