बरसात के वक्त अक्सर सिविल लाइंस रोड में जलभराव की समसया देखने को मिलती है। अब, इसे दूर करने के लिए नगर निगम ने एमपी बालिका इंटर कॉलेज से डीएम आवास मोड़ तक सड़क के लेवल को ऊपर करने का फैसला किया है। इसकी कार्य योजना तैयार हो गई है। आचार संहिता खत्म होने के बाद इसके लिए टेंडर किया जाएगा।
15वें वित्त योजना के तहत यह निर्माण किया जाएगा। अभी निगम की टीम रोड का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करेगी। इसके आधार पर यह तय होगा कि इसे कितना ऊपर करना है। इसके साथ ही इस रोड के दोनों किनारों पर बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था की जाएगी। चूंकि इस लेन में कई स्कूल हैं और अभिभावक बच्चों को लेने के लिए आते हैं।
ऐसे में उन्हें वहां बैठने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। बेंच लगने से उन्हें काफी राहत मिलेगी। इसके अलावा वहां पर वेस्ट टू वंडर मटेरियल भी लगाए जाएंगे, ताकि रोड की खूबसूरती बढ़ सके। मुख्य अभियंता संजय चौहान ने बताया कि 15वें वित्त योजना के तहत यह कार्य होने हैं। चुनाव बाद इसये जल्द से जल्द पूरा करा दिया जाएगा।