सीबीएसई : छह साल में फेल हुए विद्यार्थियों को पास होने का एक और मौका
गोरखपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं में पिछले साल से फेल होने वाले विद्यार्थियों को पास होने का एक और मौका देने का फैसला किया है। अब तक इन विद्यार्थियों को लगातार पांच वर्ष तक ही दोबारा परीक्षा में शामिल होने का मौका दिया जाता था। इसे लेकर बोर्ड का आदेश गोरखपुर में संचालित 117 स्कूलों में पहुंच गया है।
आदेश के मुताबिक ऐसे विद्यार्थी जो 2015 से लेकर 2020 दौरान बोर्ड परीक्षा में फेल हुए थे, वे सभी छात्र 2021 की बोर्ड परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। सीबीएसई ने ऐसे छात्रों को प्राइवेट परीक्षा फॉर्म भरने की छूट दी है। इसके लिए छात्रों को 15 सौ रुपये का शुल्क देना होगा। जिसके बाद वह परीक्षा में शामिल हो सकते है। इस फैसले के बाद उन छात्रों के लिए उम्मीद की किरण नजर आयी है जो फेल होने के बाद अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ दिए थे। ऐसे छात्र प्राइवेट फॉर्म के माध्यम से परीक्षा में शामिल हो सकते है। जिसके लिए नौ दिसंबर तक फीस जमा करके परीक्षा फार्म भर सकते है। हालांकि वर्ष 2021 के बाद ये व्यवस्था लागू रहेगी या नहीं इसपर संशय बरकरार है। जानकारों की मानें तो कोविड संकट को देखते हुए बोर्ड ने ये फैसला लिया है।
बोर्ड की ओर से वर्ष 2015 से लेकर 2020 तक की परीक्षाओं में फेल होने वाले विद्यार्थियों को पास होने का एक और मौका देने का निर्णय लिया है। प्राइवेट अभ्यर्थी के रूप में विद्यार्थी नौ दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
-अजय शाही, अध्यक्ष गोरखपुर पब्लिक स्कूल एसोसिएशन