सीबीएसई में प्रैक्टिकल परीक्षाएं एक मार्च से शुरू होंगी। बोर्ड की ओर से 11 जून तक 10वीं और 12वीं के सभी प्रैक्टिकल एग्जाम्स, प्रोजेक्ट व इंटरनल असेसमेंट को पूरा करने का निर्देश जारी हुआ है।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के आदेश के मुताबिक इन परीक्षाओं के दौरान हर स्कूल को कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करना होगा। अगर 25 विद्यार्थियों का बैच है तो उन्हें दो छोटे ग्रुप में बांटकर परीक्षा ली जाएगी। प्रैक्टिकल सिर्फ बोर्ड द्वारा नियुक्त परीक्षक ही लेंगे।
अगर स्कूल किसी और शिक्षक से यह परीक्षा करवाते हैं तो उसे रद्द करते हुए वहां के विद्यार्थियों को थ्योरी परीक्षा में मिले अंकों के आधार पर औसत अंक दे दिए जाएंगे। स्कूल की मान्यता रद्द करने के साथ ही वहां के प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अंक अपलोड करने के लिए दूसरा मौैका नहीं
परीक्षाएं खत्म होने के तुरंत बाद बोर्ड की वेबसाइट पर दिए गए लिंक के जरिए स्कूलों को सभी विद्यार्थियों के अंक अपलोड करने होंगे। अंक अपलोड करते समय खास ध्यान रखना होगा, क्योंकि इसमें सुधार करने का दूसरा मौका नहीं दिया जाएगा।
11 जून तक अपलोड होंगे इंटरनल के अंक
विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट्स अपने स्कूल में ही देना है। हर स्कूल में इसके लिए बाहरी परीक्षक के साथ-साथ आंतरिक परीक्षक भी मौजूद होंगे। इन परीक्षाओं की निगरानी के लिए बोर्ड द्वारा एक ऑब्जर्वर भी नियुक्त किए जाएंगे। स्कूलों को एक मार्च से 11 जून के बीच इंटर्नल के अंक अपलोड करने होंगे। 11 जून के बाद इसकी अनुमति नहीं होगी। न ही इस अंतिम तारीख को आगे बढ़ाया जाएगा।