गोरखपुर। लगन में काजू की खूब खपत हुई। इतनी अधिक खपत हो गई कि मंडी में माल कम पड़ने लगा, जिसकी वजह से इसकी कीमत बढ़ गई है। इसका बोझ अब सीधा लोगों की जेब पर आ गया है। मंडी में काजू खप जाने के कारण चार दिन में करीब 100 रुपये किलो दाम बढ़ गया है। व्यापारियों की मानें तो ऐसा इसलिए हुआ है कि इस बार कम लगन के कारण मेवा सहित अन्य किराना सामग्री को व्यापारियों ने उतना ही मंगाया था कि माल के साथ पूंजी फंसने की नौबत न आए।
व्यापारियों के अनुसार किराना मंडी में हर माह 40 करोड़ रुपये का कारोबार होता है। अप्रैल के सीजन में नौ दिन ही लगन थी, इस कारण माल मंगाने में व्यापारियों में संशय था। अब माल की आवक के अनुसार मूल्य निर्धारित होगा। थोक मंडी में काजू की कीमत 650 से 1200 रुपये किलो तक है, जिसमें चार दिनों में अलग-अलग वैरायटी के काजू में 80 से 100 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जबकि शनिवार को ही 40 रुपये दाम बढ़े हैं।
महेवा मंडी के किराना व्यापारी संजय सिंघानिया ने बताया कि मंडी में काजू की कमी हो गई है। इस कारण दाम बढ़ रहा है। हालांकि, अन्य मेवा की कीमत में फिलहाल कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।
किराना मंडी साहबगंज के व्यापारी गोपाल जायसवाल ने बताया कि दक्षिण भारत में समुद्र के किनारे ओडिसा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल कर्नाटक में काजू की फसल होती है। वहां की फसल से मार्च में काजू आता है, लेकिन बारिश कम होने से इस बार भारतीय क्षेत्र में पैदावार कम हुई है। जुलाई में घाना और तंजानिया से काजू आने की संभावना है। किराना व्यापारी अनिल जायसवाल ने बताया कि यदि मंडी में पर्याप्त आवक नहीं हुई तो काजू के दाम में और बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि विदेश से माल आने के बाद कीमत कम होगी।
-
सूखे मेवा की दर
मेवा- कीमत रुपये में
काजू- 650 से 1200
किशमिश - 150 से 400
छुआरा - 150 से 400
गरी - 110 से 120
बादाम - 630 से 640
पिस्ता - 900 से 1100
आखरोट - 800 से 1200
-