- पिपराइच के युवक ने थाने में दी तहरीर
पिपराइच। कूटरचित दस्तावेज के जरिये नाम बदलकर दूसरी शादी कराने के आरोप में पिपराइच पुलिस ने पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
जंगलधूषण के बड़ी रेतवहिया टोला निवासी सरोज कुमार विश्वकर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 30 नवंबर 2025 को देवरिया के गौरी बाजार निवासी मूरत विश्वकर्मा की बेटी सुनैना से हुई थी। एक दिसंबर को पत्नी विदा होकर ससुराल आई। आरोप है कि कुछ दिन बाद वह परिवार के लोगों से अभद्र व्यवहार करने लगी और फर्जी मामले में फंसाने की धमकी देने लगी।
इसी बीच खोराबार के भैंसहा निवासी संतोष कुमार विश्वकर्मा ने सरोज को बताया कि जिससे उसने शादी की है वह उसकी पत्नी सीमा है। संतोष के मुताबिक, सीमा से संबंधित एक मामला देवरिया न्यायालय में चल रहा है और उसे पांच हजार रुपये प्रतिमाह भरण-पोषण भी मिल रहा है। सरोज का आरोप है कि सीमा का नाम बदलकर सुनैना करने के बाद कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए और उसके साथ शादी कराई गई। मामले में पुलिस ने सीमा, उसके पिता राम मुरारी विश्वकर्मा, मां दुर्गावती देवी और मनोज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपों की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।