पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर थाना क्षेत्र के खरैया पोखरा निवासी मोबाइल व्यवसायी मुकेश गुप्ता के साथ सोलर पैनल लगाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि आठ किलोवाट के सोलर पैनल लगाने का वादा कर आरोपियों ने केवल तीन किलोवाट का पैनल लगाकर 4.40 लाख रुपये हड़प लिए।
कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने लखनऊ के इंदिरा नगर निवासी मनोहर कुमार और शाहपुर के शिवपुर सहबाजगंज निवासी विष्णु श्रीवास्तव के खिलाफ धोखाधड़ी व धमकी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित मुकेश कुमार गुप्ता ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी मेडिकल रोड पर ‘पीयूष इंटरप्राइजेज’ के नाम से मोबाइल व अन्य सामान की दुकान है। इसी दौरान उनकी जान-पहचान शिवपुर सहबाजगंज निवासी विष्णु श्रीवास्तव से हुई, जो खुद भी मोबाइल व्यवसाय से जुड़े हैं।
आरोप है कि करीब दो साल पहले विष्णु श्रीवास्तव ने उन्हें अपने लखनऊ निवासी दोस्त मनोहर कुमार से मिलवाया, जो सोलर पैनल लगाने का काम करते हैं। दोनों ने पार्टनरशिप में काम करने की बात कहकर 8 किलोवाट का सोलर सिस्टम लगाने का झांसा दिया। झांसे में आकर पीड़ित ने बताए गए खाते में अलग-अलग किश्तों में कुल 4.40 लाख रुपये जमा कर दिए। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित के घर पर 15 सोलर पैनल लगवा दिए। जब पीड़ित ने बिल और एग्रीमेंट मांगा तो आरोपी टालमटोल करने लगे।
संदेह होने पर पीड़ित ने बिजली विभाग से सत्यापन कराया, जिसमें पता चला कि लगाए गए पैनल की क्षमता 8 किलोवाट नहीं बल्कि केवल 3 किलोवाट है। विरोध करने पर आरोपियों ने धमकी देना शुरू कर दिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अधिकृत वेंडर नहीं हैं। पीड़ित ने पहले स्थानीय पुलिस से शिकायत की लेकिन कार्रवाई न होने पर कोर्ट की शरण ली।
कोर्ट के आदेश पर शाहपुर पुलिस ने लखनऊ के इंदिरा नगर निवासी मनोहर कुमार और शिवपुर सहबाजगंज निवासी विष्णु श्रीवास्तव के खिलाफ धोखाधड़ी व धमकी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच जारी है।