- पीपीगंज थाना क्षेत्र का मामला, राप्ती नदी से खनन की मिट्टी लेकर जा रहा था चालक
संवाद न्यूज एजेंसी
भगवानपुर। पीपीगंज थानाक्षेत्र में राप्ती नदी से रविवार को खनन की मिट्टी लेकर जा रहा डंपर तेज रफ्तार के चलते अनियंत्रित हो गया। इससे सड़क किनारे खड़े बिजली के तीन खंभों को तोड़ते हुए पलट गया। इसकी वजह से आसपास के गांव की बिजली बाधित हो गई। वहीं तेज आवाज सुनकर रात में मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने चालक और खलासी को सुरक्षित बाहर निकला।
यह मामला पीपीगंज थाना क्षेत्र का है। जसवल बाजार स्थित राप्ती नदी के सिसई घाट से रविवार की रात तीन बजे खनन की मिट्टी लादकर निकला। भुईधरपुर गांव के पास पहुंचा ही था कि डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दौरान उसने 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के तीन खंभों को टक्कर मारते तोड़ दिया। खंभे टूटने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची ग्रामीणों ने गाड़ी में फंसे चालक और खलासी को बाहर निकाल दिया। थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक को नींद आने के कारण हादसा होने का मामला सामने आया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।