उरुवा बाजार। खजनी थाना क्षेत्र के लमती गांव में शुक्रवार को यूकेलिप्टस का पेड़ काटते समय उसके नीचे दबकर 24 वर्षीय धुरहू की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीण उसे पेड़ के नीचे से निकालकर खजनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद अस्पताल पहुंचे ग्रामीणों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खजनी थाना क्षेत्र के भरोहियां गांव निवासी धुरहू का पुत्र श्याम सुंदर मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। शुक्रवार को वह पल्हीपार गांव के एक ठेकेदार के बुलावे पर लमती गांव निवासी रामवृक्ष का यूकेलिप्टस का पेड़ काटने गया था। इसी दौरान डाली काटते समय अचानक पेड़ उसके ऊपर गिर पड़ा। उसके नीचे दबने से श्याम सुंदर गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पीएचसी पहुंच गए। उन्होंने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया।
खजनी थाने के एसएसआई डीएन सरोज ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रदीप तिवारी ने बताया कि युवक की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।