- गुलरिहा इलाके का मामला, पार्वतीपुरम कॉलोनी मोड़ के पास खाली बाउंड्री से बरामद हुआ शव
- दुर्गंध आने पर नगर निगम की टीम पहुंची, पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
गुलरिहा। गुलरिहा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक अधेड़ व्यक्ति (करीब 50 वर्ष) का सड़ा-गला शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सेमरा नंबर एक स्थित पार्वतीपुरम कॉलोनी मोड़ के पास एक खाली बाउंड्री से सटे घास-झाड़ियों के बीच शव मिला। शव काफी पुराना होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि आसपास के लोगों को क्षेत्र में तेज दुर्गंध महसूस हुई। पहले लोगों ने किसी मृत जानवर के पड़े होने की आशंका जताई और इसकी सूचना नगर निगम को दी। सूचना पर पहुंची नगर निगम की टीम ने मौके का निरीक्षण किया तो झाड़ियों के बीच एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। इसके बाद तत्काल गुलरिहा पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जेपी पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस के अनुसार शव करीब 10 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और पूरी तरह सड़-गल चुका है, जिससे उसकी पहचान कर पाना फिलहाल मुश्किल है। अधेड़ शर्ट और लोअर पहना हुआ था।
घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी निमिष पाटिल और सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और जांच शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक जेपी पाल ने बताया कि शव काफी पुराना होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने जैनपुर गांव स्थित चौरहिया नाले में हत्या कर दफनाए गए मां-बेटी के शवों की पहचान का मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि क्षेत्र में एक और शव मिलने से लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस ने मामले में अब तक 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए हैं। इसके अलावा आस-पास के कई अस्पताल भी खंगाले गए लेकिन महिला व बच्ची की शिनाख्त नहीं हो सकी है।