चौरीचौरा इलाके की ग्राम पंचायत चौरी के टोला सबुनी निवासी सूरज प्रजापति ने पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर दो लोगों पर पैसा लेकर कुवैत का फर्जी वीजा देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद अलीम व इबरार के खिलाफ जालसाजी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, सूरज प्रजापति ने तहरीर में बताया कि गांव के नितिश सिंह के माध्यम से अयोध्या जनपद के रुदौली कोतवाली निवासी मोहम्मद अलीम व इबरार से 65 हजार रुपये में कुवैत भेजने की बात तय हुई थी। इसके एवज में उनके द्वारा 12 हजार रुपया मोहम्मद अलीम को दिया गया। बाकी पैसा वीजा व टिकट आने के बाद देना तय हुआ था।
मोहम्मद अलीम व इबरार ने बाकी रकम लेने के बाद उन्हें उर्दू में लिखा वीजा दे दिया। इसे चेक कराया गया तो वह फर्जी निकला। अलीम व इबरार पर एक सप्ताह में धोखाधड़ी का यह तीसरा केस दर्ज हुआ है।