स्पाइस जेट व ट्रैवोलुक पर नगर विधायक ने दर्ज कराया जालसाजी का केस
गोरखपुर। भाजपा के नगर विधायक डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल ने विमानन कंपनी स्पाइट जेट और ऑनलाइन एयर टिकट बुक करने वाली कंपनी ट्रैवोलुक डॉट इन पर जालसाजी का केस दर्ज कराया है। आरोप है कि दिल्ली से गोरखपुर के लिए ऑनलाइन टिकट बुक कराने के दौरान खाते से रुपये तो कट गए, लेकिन बुकिंग नहीं हुई। नगर विधायक ने इस मामले की शिकायत केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप पुरी से की है। विधायक ने टिकट बुक करने वाली एजेंसी के साथ ही कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है।
बृहस्पतिवार को कैंट थाने में भेजे गए तहरीर में नगर विधायक ने लिखा है कि बीते दो फरवरी को दिल्ली से गोरखपुर आने के लिए उन्होंने टिकट का ऑनलाइन आवेदन किया था। ट्रैवोलुक ने इसके लिए 9953 रुपये की मांग की। बैंक एकाउंट से ऑनलाइन पेमेंट भी कर दिया। टिकट के बारे में जानकारी लेने के लिए स्पाइस जेट की साइट खोली तो पता चला कि टिकट बुक नहीं हुआ है। तीन फरवरी को उन्हें गोरखपुर आना था। ट्रैवोलुक के हेल्पलाइन नंबर पर फोन करने पर कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद ट्रैवोलुक की ओर से ई-मेल पर संदेश आया कि उनका टिकट बुक नहीं हुआ है। कंपनी ने रुपये भी वापस नहीं किए। यह धोखाधड़ी है।
विधायक ने बताया कि स्पाइस जेट के गोरखपुर प्रभारी को फोन कर उन्होंने आपत्ति भी जताई। विमानन कंपनी ने ट्रैवोलुक डॉट इन को टिकट बुकिंग के लिए अधिकृत एजेंट नियुक्त किया है। इसलिए कानूनी रूप से दोनों ही जिम्मेदार हैं। कैंट पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कैंट पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
-सुमित शुक्ला, सीओ कैंट
नेटवर्क की वजह से कभी-कभी खाते से रुपये कटने के बाद भी टिकट बुक नहीं हो पाता। जांच के बाद खाते में रुपये वापस कर दिए जाते हैं। मुकदमा दर्ज होने की जानकारी नहीं है।
-राजेश राय, मैनेजर एयरपोर्ट, स्पाइस जेट