हरपुर बुदहट (गोरखपुर)। क्षेत्र के गिदहा गांव में दो अक्तूबर की शाम खड़ंजा के विवाद को लेकर प्रधान पक्ष और काश्तकार के बीच मारपीट हुई थी। काश्तकार की तहरीर पर पुलिस ने महिला प्रधान, प्रधान पति और प्रधान प्रतिनिधि सहित गांव के आठ लोगों पर बलबा, मारपीट और हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, गिदहा में मई 2023 में प्रधान द्वारा खड़ंजा लगवाया गया था, जिसपर गांव के ही सोमनाथ गोंड़ ने आपत्ति जताते हुए खड़ंजा लगने वाली जगह को अपना खेत बताते हुए उच्च अधिकारियों से शिकायत की थी।
पीड़ित सोमनाथ का आरोप है कि शिकायत के बाद 20 अगस्त को प्रधान और उनके समर्थकों द्वारा खेत के पास ही जहां खड़ंजा लगा था, मेरी और मेरी पत्नी की पिटाई की गई थी। तब पीडित ने इसकी शिकायत सोनबरसा चौकी पर की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
सोमनाथ ने हरपुर बुदहट थाने में दी तहरीर में बताया कि दो अक्तूबर की शाम हत्या की नियत से प्रधान, प्रधान पति, प्रधान प्रतिनिधि सहित आधा दर्जन से अधिक लोग मेरे घर चढ़ आए और पूरे परिवार को पीटने लगे।
सोमनाथ का आरोप है कि प्रधान पति राजेंद्र बेलदार द्वारा मेरे सीने पर बैठकर गला दबाया जाने लगा। शोर सुनकर अगल-बगल के लोगों के जुटने पर जान बची।
सोमनाथ की तहरीर पर पुलिस ने प्रधान कुमारी देवी, पति राजेंद्र बेलदार, प्रधान प्रतिनिधि अजित सिंह, गंगा शर्मा, राजमणि गोंड़, उषा देवी, सोनू गोंड़, किशोर शर्मा पर केस दर्ज किया है। चौकी प्रभारी सोनबरसा मनीष त्रिपाठी द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।