विवाहिता की मौत पर पति समेत 14 के खिलाफ हत्या का केस
बस्ती। कोतवाली क्षेत्र के बड़ेवन मोहल्ले में बृहस्पतिवार सुबह विवाहिता पदमजा पांडेय उर्फ मोनिका की मौत के मामले में शुक्रवार देर रात पुलिस ने पति समेत 14 पर मुकदमा दर्ज किया है। आरोपितों में पांच साल का एक बच्चा भी शामिल है। संविदा पर फार्मासिस्ट संजय कुमार पांडेय ने दो शादी की है। पहली पत्नी पदमजा से कोई संतान नहीं है, जबकि दूसरी पत्नी से तीन बच्चे हैं। सिद्धार्थनगर जिले के पथरा बाजार थाना के तुर्कवलिया तिवारी निवासी मारकंडेश्वर मणि तिवारी की बेटी पदमजा बड़ेवन स्थित आवास पर रहती थीं। बृहस्पतिवार की सुबह पुलिस को फंदा लगाकर मौत की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। पदमजा के पिता ने ससुराल वालों पर रस्सी से गला कस कर मारने का आरोप लगाया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शुक्रवार को पति संजय पांडेय समेत 14 पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।