कई दिनों ससुराल में रुका था, युवकों ने पीटा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। ससुराल में कई दिन रुकना दामाद को महंगा पड़ गया। इससे नाराज युवकों ने दामाद की पिटाई कर दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार युवकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
लखनऊ निवासी अब्दुल रहमान ने गौर पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उसकी ससुराल थाना क्षेत्र के गोभिया गांव में है। कई दिनों से वह ससुराल में रुका हुआ था। यह बात गांव के कुछ युवकों को नागवार लगी और रविवार को गांव के निसार अहमद,अबरार, गफ्फार व राजू ने गाली गलौच करते हुए मारना पीटना शुरू कर दिया। पुलिस में शिकायत करने पर जान से मार देने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक गौर पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।