- गुलरिहा इलाके में हुई थी घटना, पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
गुलरिहा (गोरखपुर)। गुलरिहा इलाके के डीजे संचालक से मारपीट कर रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने महाकाल ग्रुप के चार सदस्यों पर लूट का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, इलाके के करमहा बुजुर्ग निवासी विजय गुप्ता के डीजे की बुकिंग करते हैं। रविवार को भरवलिया में बुकिंग का काम समाप्त करके रात बारह बजे डीजे का सामान पिकअप पर लाद कर घर आ रहे थे। आरोप है कि महाकाल ग्रुप के सदस्य आलोक यादव, राजेश यादव, सूरज यादव एवं मुनीत जायसवाल निवासी जैनपुर टोला असनहिया गांव से थोड़ी दूर बाहर रास्ते में रोककर भद्दी भद्दी गाली देकर मारने पीटने लगे। डीजे लाइट व मशीन तोड़ने के अलावा 45 हजार रुपये छीन लिए और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने सूचना डायल 112 पर दिया था। आरोप है कि महाकाल ग्रुप बनाकर आए दिन लोगों के साथ मारपीट व छीना झपटी तथा लूट का कार्य कर क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहे हैं। पीड़ित की तहरीर पर गुलरिहा पुलिस ने मंगलवार की रात आरोपियों के खिलाफ मारपीट कर लूट, धमकी देने और तोड़फोड़ की धारा में केस दर्ज कर लिया है। एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।