नौतनवा के पूर्व विधायक अमनमणि त्रिपाठी के नाम पर फर्जी पास के इस्तेमाल का एक और मामला सोमवार को सामने आया। कैंट पुलिस ने दीवानी कचहरी के पास से फर्जी पास लगी कार को पकड़ा और सीज कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, जिले में फर्जी पास लगाकर चल रहे वाहनों को सीज किया जा रहा है। कुछ पर केस भी दर्ज हुआ है। हाल ही में पूर्व विधायक जीएम सिंह के एक रिश्तेदार व एमएलसी रतनपाल सिंह के भतीजे की गाड़ी भी सीज हो चुकी है।
इसी क्रम में सोमवार को बार एसोसिएशन चुनाव को देखते हुए कैंट पुलिस इंस्पेक्टर रणधीर मिश्र के नेतृत्व में चेकिंग कर रही थी। तभी कचहरी के पास एक कार आती दिखी, जिस पर किसी विधायक का फर्जी पास लगा था। पुलिस ने रोककर पता किया तो पास फर्जी था।
चालक की पहचान आकिब पुत्र जावेद निवासी वार्ड 23 नौतनवा, महराजगंज के रूप में हुई। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि बार चुनाव के सिलसिले में पुलिस रुटीन चेकिंग में जा रही थी। इसी दौरान पूर्व विधायक का फर्जी पास लगी कार मिली, जिसे सीज कर दिया गया है।