गोला। गोला-कौड़ीराम मार्ग पर बर्राह चौराहे के पास शनिवार की देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार 50 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोला पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चालक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
नगर पंचायत के सुअरज गांव निवासी रघुवर जायसवाल शनिवार को परिवार के साथ गोरखपुर में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद शनिवार की रात परिवार कार से गांव लौट रहा था। रात करीब दो बजे कार गोला-कौड़ीराम मार्ग पर बर्राह चौराहे के पास पहुंची। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग घायल हो गए। हादसे में रघुवर जायसवाल की पत्नी बिंदू देवी की मौके पर ही मौत हो गई। रघुवर, उनके बेटे शुभम और आकाश तथा खदरा गांव निवासी कार चालक राहुल मिश्र घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे लोगों ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद अन्य घायलों को छुट्टी दे दी गई जबकि राहुल मिश्र की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गोला थाना प्रभारी चंद्रप्रकाश पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।