यूपी और गोरखपुर पुलिस के एक्स हैंडल पर शनिवार रात 12 बजे एक युवक ने वीडियो पोस्ट कर लिखा कि तेज रफ्तार वैन से महिला के चीखने की आवाज आ रही है। ऐसा लग रहा है कि महिला का अपहरण हो गया है। सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई। ई-चालान एप से वाहन तक पहुंची।
पूछताछ के बाद पता चला कि महिला अस्पताल में है और दर्द के कारण चीख रही थी। घरवाले उसे अस्पताल ले जा रहे थे। पुलिस ने वीडियाे कॉल कर इसकी पुष्टि की और पुष्ट हो जाने के बाद राहत की सांस ली। पुलिस के अनुसार, मोहद्दीपुर रोड पर गुजर रही वैन का पीछा कर रहे एक पल्सर सवार युवक ने महिला को दर्द से चिल्लाते देखा।
उसने अपहरण की आशंका में वीडियो बनाकर यूपी पुलिस और गोरखपुर पुलिस के एक्स हैंडल पर पोस्ट कर दिया। साथ ही कार और अपनी बाइक का नंबर भी साझा किया। वीडियो में महिला बार-बार सिर बाहर निकालती दिख रही थी, जबकि कुछ लोग उसे पकड़े हुए नजर आ रहे थे। पोस्ट में अपहरण की आशंका जताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।
सीओ कैंट आभा सिंह ने बताया कि ट्वीट मिलते ही वाहन को ई-चालान एप के माध्यम से ट्रेस किया गया। कार मालिक से संपर्क करने पर जानकारी मिली कि मैनपुरी जिले के करैल चौक निवासी अन्नू शाक्य परिचित हैं और परिवार के साथ कुशीनगर घूमने गए थे।
लौटते समय कार में सवार विमलेश शाक्य पत्नी राहुल शाक्य के पेट में अचानक तेज दर्द शुरू हो गया। इसके बाद चालक उन्हें अयोध्या रोड स्थित नव्या क्लिनिक लेकर पहुंचा, जहां डॉ. लोकेश यादव ने उनका उपचार किया।
पुलिस ने वाहन चालक और कार में सवार सभी लोगों से वीडियो कॉल पर भी बातचीत की। करीब दो घंटे की जांच में अपहरण की कोई घटना सामने नहीं आई। चालक ने बताया कि पीछा कर रहे बाइक सवार को उसने रास्ते में महिला की तबीयत खराब होने की जानकारी भी दी थी। उपचार के बाद महिला की हालत सामान्य होने पर परिवार देर रात करीब तीन बजे मैनपुरी के लिए रवाना हो गया।