सहायक आयुक्त, जीएसटी डॉ अमित कुमार सिंह ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव का समाप्त होना भारत के राष्ट्रीय हित के लिए अपरिहार्य है। वर्तमान परिस्थिति में भारतीय विदेश नीति के समक्ष एक बड़ी चुनौती अमेरिका और ईरान दोनों के साथ संबंधों को सौहार्दपूर्ण रखने की है।
वे बुधवार को महाराणा प्रताप पीजी कॉलेज जंगल धूसड़ में आयोजित व्याख्यान को संबोधित कर रहे थे। राजनीति विभाग की ओर से आयोजित व्याख्यान का विषय ‘अमेरिका-ईरान तनाव : भारतीय विदेश नीति के विशेष संदर्भ में’ रखा गया था। डॉ अमित ने कहा कि आज की इस तेजी से बदलती वैश्विक राजनीति में भारत को अपने अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखने वाली ऐसी विदेश नीति की तरफ उन्मुख होना होगा, जिसमें आदर्शवादी मूल्यों को पूरा करने वाले यथार्थवादी निर्णय हों।