मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय प्रशासन ने लॉकडाउन को देखते हुए शैक्षणिक प्लान तैयार कर लिया है। दो विकल्प बनाए गए हैं। अगर लॉकडाउन हटा या विश्वविद्यालय खोलने की अनुमति मिली तो परीक्षाएं छह जुलाई से शुरू हो जाएंगी। लेकिन लॉकडाउन बढ़ गया तो सभी विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रमोट कर दिया जाएगा। विवि दोनों विकल्पों से शासन को अवगत कराएगा और शासन के निर्देशानुसार आगे की कार्यवाही करेगा।
एमएमएमयूटी की स्टीयरिंग कमेटी ने तय किया है कि छात्र हित में अगले सत्र को नियमित करने और अंतिम वर्ष के छात्रों के कैरियर को देखते हुए दो विकल्प रखें जाएं। पहले विकल्प के तहत विभिन्न कक्षाओं के छात्रों को अलग-अलग समय में बुलाकर कक्षाएं चलाई जाए और निर्धारित समय में परीक्षा करवा कर परिणाम घोषित कर दिए जाएं। इस विकल्प में छात्रों को दो चरणों में बुलाया जाएगा।
6 से 24 तक होगा पहला चरण
पहला चरण 6 से 24 जुलाई तक का होगा। इस दौरान सभी कोर्स के अंतिम वर्ष के छात्र सहित एमटेक प्रथम वर्ष, एमएससी प्रथम वर्ष, बीबीए प्रथम वर्ष एवं पीएचडी के छात्रों की कक्षाएं चलेंगी एवं परीक्षाएं करवाई जाएंगी। जबकि दूसरा चरण 27 जुलाई से 21 अगस्त तक का होगा। दोनों चरणों में परीक्षाएं जल्दी हो सके इसलिए प्रश्नपत्र का प्रारूप भी दो घंटे कर कर दिया जाएगा। इससे कम समय में मूल्यांकन एवं परिणामों की घोषणा भी की जा सकेगी।
नए सिरे से बंटेंगे सेक्शन, सेफ हाउस भी बनेगा
विवि की सबसे बड़ी चुनौती सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने की होगी इसके लिए कक्षाओं के आकार के हिसाब से नए सिरे से सेक्शन बांटने होंगे, हॉस्टल का नए सिरे से आवंटन करना होगा। हास्टलों, कक्षाओं, मेस को समय- समय पर सैनिटाइज भी करवाना पड़ेगा ताकि संक्रमण फैलने की आशंका को कम किया जा सके। साथ ही विवि खांसी, जुकाम, बुखार जैसे लक्षणों से पीड़ित छात्रों को अलग से सेफ हाउस में रखे जाने की व्यवस्था करनी होगी।
50 प्रतिशत अंक पिछले सेमेस्टर के आधार पर
मीडिया प्रभारी डॉ अभिजीत मिश्र ने बताया कि स्टीयरिंग कमेटी ने छात्रों को प्रमोट (प्रोन्नत) करने का फार्मूला भी तैयार कर लिया है। इसके मुताबिक परीक्षाफल तैयार करने के दौरान 50 प्रतिशत अंकों का निर्धारण छात्र द्वारा वर्तमान सेमेस्टर में किए गए प्रदर्शन के आधार पर होगा जबकि शेष 50 प्रतिशत अंकों का निर्धारण छात्र द्वारा ठीक पिछले सेमेस्टर में अर्जित किए गए सेमेस्टर ग्रेड पॉइंट एवरेज (एसजीपीए) के आधार पर किया जाएगा।
एमएमएमयूटी में सभी विषयों की मिड सेमेस्टर परीक्षा और एक क्विज लॉकडाउन से पहले हो चुकी है और लॉकडाउन के दौरान दिए गए होम असाइनमेंट के आधार पर शिक्षक, छात्रों का आतंरिक मूल्यांकन करेंगे।