मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय प्रशासन ने लॉकडाउन को देखते हुए शैक्षणिक प्लान तैयार कर लिया है। दो विकल्प बनाए गए हैं। अगर लॉकडाउन हटा या विश्वविद्यालय खोलने की अनुमति मिली तो परीक्षाएं छह जुलाई से शुरू हो जाएंगी। लेकिन लॉकडाउन बढ़ गया तो सभी विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रमोट कर दिया जाएगा। विवि दोनों विकल्पों से शासन को अवगत कराएगा और शासन के निर्देशानुसार आगे की कार्यवाही करेगा।
एमएमएमयूटी की स्टीयरिंग कमेटी ने तय किया है कि छात्र हित में अगले सत्र को नियमित करने और अंतिम वर्ष के छात्रों के कैरियर को देखते हुए दो विकल्प रखें जाएं। पहले विकल्प के तहत विभिन्न कक्षाओं के छात्रों को अलग-अलग समय में बुलाकर कक्षाएं चलाई जाए और निर्धारित समय में परीक्षा करवा कर परिणाम घोषित कर दिए जाएं। इस विकल्प में छात्रों को दो चरणों में बुलाया जाएगा।
6 से 24 तक होगा पहला चरण
पहला चरण 6 से 24 जुलाई तक का होगा। इस दौरान सभी कोर्स के अंतिम वर्ष के छात्र सहित एमटेक प्रथम वर्ष, एमएससी प्रथम वर्ष, बीबीए प्रथम वर्ष एवं पीएचडी के छात्रों की कक्षाएं चलेंगी एवं परीक्षाएं करवाई जाएंगी। जबकि दूसरा चरण 27 जुलाई से 21 अगस्त तक का होगा। दोनों चरणों में परीक्षाएं जल्दी हो सके इसलिए प्रश्नपत्र का प्रारूप भी दो घंटे कर कर दिया जाएगा। इससे कम समय में मूल्यांकन एवं परिणामों की घोषणा भी की जा सकेगी।