यूपी के स्थापना दिवस पर डीडीयू के दीक्षा भवन में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित बच्चों के साथ नगर विधायक व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के स्थापना दिवस के मौके पर शुक्रवार को गोरखपुर यूनिवर्सिटी के दीक्षा भवन में भी एक समारोह का आयोजन हुआ। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं तो सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए।
नगर विधायक डॉ राधामोहन दास अग्रवाल ने इस मौके पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 24 जनवरी 1950 को उत्तर प्रदेश अस्तित्व में आया। प्रदेश ने अपनी स्थापना के 70 साल पूरे कर लिए लेकिन केंद्र्र एवं प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों को 67 साल के बीच में कभी यह ध्यान नहीं आया कि इस खास मौके पर किसी समारोह का भी आयोजन होना चाहिए।
विधायक ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने तत्कालीन राज्यपाल राम नाईक की प्रेरणा से स्थापना दिवस की शुरूआत की और आज तीसरा यूपी दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में प्रदेश सुनियोजित तरीके से सामाजिक समरसता के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। यूपी का बजट 5.38 लाख करोड़ का है। विकास के सूचकांक पर उत्तर प्रदेश अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। कार्यक्रम को विधायक विपिन सिंह, डॉ. विमलेश पासवान एवं शीतल पांडेय ने भी संबोधित किया।
इसके पूर्व कमिश्नर जयन्त नार्लिकर ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन व जिले के नोडल अफसर दीपक कुमार, प्रभारी डीएम हर्षिता माथुर, एडीएम (फाइनेंस) राजेश कुमार सिंह समेत कई विभागों के अफसर मौजूद रहे।
23 लाभार्थी हुए सम्मानित
समारोह में नोडल अधिकारी दीपक कुमार एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न योजनाओं में अच्छा काम करने वाले 23 लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शमॉ परवीन, सरिता चौहान, निशा मल्ल, स्नेहलता, किरण वर्मा, कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थी प्रीति गुप्ता, लाडो, रंजू मौर्य, संध्या एवं गोल्डी शामिल हैं। इसी तरह कौशल विकास योजना में आदित्य गुप्ता, अन्नपूर्णा, सुभांगी, सरिता एवं एनआरएलएम से रंजू देवी, सीमा, सरोज, रीता और अंजू को प्रशस्ति पत्र एवं चेक मिला। किसान सम्मान निधि के लिए वंशनाथ सिंह, सोलर पम्प के लिए जयराम मौर्य एवं कृषि यंत्र के लिए इंदुधर पांडेय सम्मानित हुए।
सीएम के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण
दीक्षा भवन में आयोजित समारोह के दौरान स्थापना दिवस पर लखनऊ से सीएम योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया। वहीं विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी के 15 स्टॉल लगाए गए। जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने स्टॉलों का निरीक्षण कर उनकी प्रशंसा भी की।