फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सेंट एंड्रयूज डिग्री कॉलेज ने छात्रों को दिलाई मतदान की शपथ, कैंपस-खेल की 11 खबरें एक क्लिक में

Sat, 25 Jan 2020 10:29 PM IST
विजय जैन डिजिटल न्यूज डेस्क, गोरखपुर
विज्ञापन
राष्ट्रीय मतदाता दिवस का शुभारंभ करते कमिश्नर जयंत नार्लिकर व अन्य। । - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर शनिवार को शहर से लेकर सभी तहसील मुख्यालयों पर कई जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। अफसरों ने पहले विद्यार्थियों व  मतदाताओं को वोट का महत्व समझाया फिर चुनाव के दौरान अनिवार्य तौर पर बूथों पर जाकर मत देने की शपथ दिलाई।
विज्ञापन


इसी क्रम में सेंट एंड्रयूज डिग्री कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने शहर के विभिन्न इलाकों में सुबह प्रभात फेरी निकालकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया। स्वयंसेवकों ने  नुक्कड़ नाटक, ‘मतदान क्यों करें’ का मंचन कर लोगों को जागरूक किया। पोस्टर पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ। इसके बाद दोपहर 12 बजे आयोजित एक कार्यक्रम में कमिश्नर जयंत नार्लिकर, डीएम के. विजयेंद्र पांडियन, एसएसपी डॉ सुनील गुप्ता ने कॉलेज परिसर में ही सेंट एंड्रयूज डिग्री कॉलेज के साथ ही कुछ अन्य कॉलेजों के विद्यार्थियों- मतदताओं को मतदान की शपथ दिलाई।

मतदान के लिए अब भी जागरूकता अभियान की जरूरत दुखद: कमिश्नर

कमिश्नर ने कहा कि एक मजबूत लोकतंत्र के लिए सभी की सहभागिता जरूरी है। देश का नागरिक होने के कारण हर किसी को मतदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह दु:खद है कि आज भी मतदाता जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत पड़ रही है। इस दौरान अधिकारियों ने कबूतर और रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर शांति एवं सद्भावना का भी संदेश दिया। इस दौरान एडीएम (सिटी) राकेश कुमार श्रीवास्तव, सदर तहसीलदार डॉ संजीव दीक्षित समेत कई विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों के अलावा कॉलेज के रासयो के कार्यक्रम अधिकारी डॉ दीपक सिंह, डॉ जेपी यादव, डॉ शोएब अहमद अंसारी आदि मौजूद रहे।

डीएवी के स्वयंसेवकों ने जागरूकता रैली निकाली
डीएवी पीजी कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना की दयानंद इकाई के द्वारा चलाए जा रहे सात दिवसीय शिविर के चौथे दिन शनिवार को स्वयंसेवकों ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान अनन्या शर्मा, तान्या श्रीवास्तव, नेहा सिंह, सूची त्रिपाठी, ऋचा शर्मा ने जागरूकता गीत के प्रति लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। वहीं अमन, दीपशिखा, काजल, अर्चना, अनंत, अभिनव आदि ने भी नुक्कड़-नाटक के जरिए लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया।

दूसरे सत्र में शैक्षिक गोष्ठी हुई। इस दौरान मुख्य अतिथि दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज के एसो. प्रो डॉ परीक्षित सिंह ने कहा कि स्वमूल्यांकन ही सर्वश्रेष्ठ मूल्यांकन है। यही जीवन की गुणवत्ता को निर्धारित करता हे। इस दौरान डॉ संजय कुमार पांडेय, डॉ मनोज श्रीवास्तव, डॉ मनोज कुमार राय, डॉ आशीष द्विवेदी, राजीव चौधरी, दिनेश कुमार यादव आदि मौजूद रहे।

..... पग घुंघरू बांध मीरा नाची थी

इस्लामिया कॉलेज ऑफ कॉमर्स की ओर से अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का आयोजन शनिवार को किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन कर समां बांध दिया। अब्दुल ने ‘नैना ओ नैना तो’ उज्ज्वल ने ‘पग घुंघरू बांध मीरा नाची थी’ गीत सुनाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

वहीं बीकॉम की छात्राओं ने ‘कभी अलविदा न कहना’और ‘यारो दोस्ती बड़ी हसीन है’ गीत सुनाकर माहौल को खुशनुमा बना दिया। इस मौके पर महाविद्यालय के प्रबंधक हाजी शरीफ अहमद ने अंतिम वर्ष के छात्रों के अच्छेे भविष्य की शुभकामनाएं दी। महाविद्यालय प्रबंध समिति के मंत्री शोएब अहमद ने कहा कि आपके मार्ग में बहुत सी बाधाएं आएंगी। आपको अपने जोश और जज्बे से हमेशा आगे बढ़ते रहना है।

एलएलबी तृतीय वर्ष की मौखिक परीक्षा 29 से
गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय के एलएलबी तृतीय वर्ष (पंचम सेमेस्टर) के विद्यार्थियों की मौखिक परीक्षा 29 और 30 जनवरी को विश्वविद्यालय के विधि विभाग में सुबह 7:30 बजे से होगी। ये जानकारी संयोजक प्रो. चंद्रशेखर ने दी है। उन्होंने बताया कि परीक्षा अनुक्रमांक की सूची विभाग के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गई है।

ज्योतिष एवं वास्तु प्रशिक्षण के लिए साक्षात्कार कल

दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर यूनिवर्सिटी के संस्कृत विभाग के अध्यक्ष प्रो मुरलीमनोहर पाठक ने बताया कि विभाग की ओर से आयोजित तीन महीने तक चलने वाले ज्योतिष एवं वास्तु प्रशिक्षण के लिए अभ्यर्थियों के चयन को साक्षात्कार 27 जनवरी को दोपहर एक बजे से होगा। उन्होंने बताया कि विभाग में ही आयोजित इस साक्षात्कार में उपस्थित नहीं होने वाले अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण में चयन नहीं होगा।  

स्वयं सेवकों ने दिया, योग से निरोग रहने का संदेश
सरस्वती विद्या मंदिर महिला महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत आयोजित विशेष शिविर के चौथे दिन स्वयं सेविकाओं ने योग से निरोग रहने का संदेश दिया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के शुभम रस्तोगी और मंजू पांडेय ने स्वयं सेविकाओं को फाइलेरिया बीमारी के बारे में जानकारी दी। उन्हें शपथ दिलाई कि वे 17 फरवरी को फाइलेरिया की दवा खुद खाने के साथ ही दूसरों को भी खाने के लिए प्रेरित करेंगी।

इस दौरान विभिन्न विषयों पर आधारित कई प्रतियोगिताएं भी हुईं। रंगोली में प्रथम स्थान हिमाली ग्रुप, द्वितीय मोनिका ग्रुप, पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान शिवांगी चद, द्वितीय स्थान नेहा कुमारी, अनुपयोगी वस्तुओं से उपयोगी वस्तुएं बनाने संबंधी प्रतियोगिता में सौम्या पांडेय को प्रथम तथा पूजा उपाध्याय को द्वितीय स्थान मिला। 

सेंट मेरिस इंटर कॉलेज में विदाई समारोह का आयोजन

पादरी बाजार स्टर्नपुर स्थित सेंट मेरिस इंटर कॉलेज में शनिवार को विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं को तिलक लगाकर बोर्ड परीक्षीओं में सफलता की कामना करते हुए उन्हें उपहार दिए। इस दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक फादर जेरोम, प्रधानाचार्य फादर बैजू ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। प्रबंधक ने छात्र-छात्राओं को सफलता का आशीर्वाद देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस मौके पर बच्चों के अभिभावक व शिक्षकगण आदि उपस्थित रहे।

भारत भीम जनार्दन सिंह की स्मृति में कुश्ती प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
भारतीय युवक संघ की ओर से भारत भीम जनार्दन सिंह की 23वीं पुण्यतिथि के अवसर पर कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन कृष्णानगर व्यायामशाला में किया गया। पुरुष वर्ग के 55 किलोभार वर्ग में बेलडाढ़ के रामरतन ने बाजी मारी। कृष्णानगर के कमेलश दूसरे और अभिषेक तीसरे पायदान पर रहे।

65 किलोभार वर्ग में कृष्णानगर के विवेक, यहीं के यशवीर, स्टेडियम के अनिल ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। 74 किलोभार वर्ग में स्टेडियम के विकास, पक्कीबाग के मनीष और स्टेडियम के उत्तम क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग के 55 किलोभार वर्ग में कीर्ति तिवारी अव्वल रहीं। स्टेडियम की आस्था ने दूसरा स्थान हासिल किया।

65 किलोभार वर्ग में जगदीशपुर की ज्योति, स्टेडियम की करिश्मा क्रमश: प्रथम और द्वितीय स्थान पर रहीं। मुख्य अतिथि के रूप में नगर विधायक डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने खिलाड़ियों से परिचय हासिल कर प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया। उन्होंने पहलवानों का हौसला भी बढ़ाया। विशिष्ट अतिथि के रूप में सीओ गोरखनाथ प्रवीण सिंह और पहलवान पन्नेलाल निषाद मौजूद रहे।

इस मौके पर भारतीय कुश्ती टीम के कोच चंद्रविजय सिंह, हॉकी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरज सिंह हरीश, भारतीय कुश्ती संघ के कार्यकारिणी सदस्य आदित्य प्रताप सिंह आगू, जनार्दन यादव, श्रवण सिंह, मनीष सिंह, रणंजय सिंह, रणविजय शाही, अजय मणि त्रिपाठी, सतीश सिंह, पुरन सिंह, सावन सिंह आदि मौजूद रहे।

फैंसी ड्रेस में प्रतियोगिता में छाए नौनिहाल
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर एसएस एकेडमी और माउटी माउस की ओर से फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को किया गया। नौनिहालों ने फैंसी ड्रेस में महात्मा गांधी, सुभाषचंद्र बोस, भगत सिंह, चाचा नेहरू, सरोजनी नायडू, रानी लक्ष्मीबाई का रूप अख्तियार कर वाहवाही हासिल की।

गोरखपुर विश्वविद्यालय में गणतंत्र दिवस के मौके पर कार्यक्रम के लिए सक्षम, रेयांस, अंबिकेश, अयांश, हर्षित, अंश, मो. फरीद, प्रखर, अभिनव, सृजन, गौरांश, अविरल, आद्या मिश्रा, अलिश्बा व अनुभवी को निर्णायक मंडल ने चुना। कार्यक्रम की शुरूआत भारत माता के चित्र पर मुख्य अतिथि पुनीत अग्रवाल, प्रधानाचार्य डॉ. निशि अग्रवाल, प्रबंधक कनक हरि अग्रवाल की ओर से दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

नारी शिक्षा व नारी सम्मान वैदिक कालीन परंपरा: शैलजा

गोरखपुर विश्वविद्यालय की शिक्षा शास्त्र विभाग की पूर्व अध्यक्ष शैलजा सिंह ने कहा कि भारत में नारी सम्मान और नारी शिक्षा वैदिक कालीन परंपरा है। मनु का यह विचार ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यंते रमंते तत्र देवता ’ निश्चित रूप से नारी की गरिमा को सूचित करता है।

शैलजा सिंह महाराणा प्रताप पीजी कॉलेज रमदत्तपुर के तत्वावधान में ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के जन्मशती वर्ष के उपलक्ष्य में ‘महिला शिक्षा एवं महंत अवेद्यनाथ’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि अपने विचार व्यक्त कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि प्राचीन भारत में घोषा, लोपामुद्रा, उर्वशी, गार्गी, जैसी अनेक विदुषी महिलाएं हुईं। जिन्होंने शिक्षा तथा अध्यापन के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया।

उन्होंने कहा कि अवेद्यनाथ एक राष्ट्रवादी संत के साथ भारतीय संस्कृति के ध्वज वाहक थे। उन्होंने गोरखपुर को शिक्षा और संस्कृति का केंद्र बनाया। उन्होंने नारी शिक्षा पर बल देते हुए शिक्षण, प्रशिक्षण तथा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रशिक्षित कर आधी आबादी को सशक्त और आत्म निर्भर बनाने के लिए अनेक संस्थाएं स्थापित की। सही मायने में वह महिला सशक्तिकरण के प्रबल  हिमायती थे। दिग्विजयनाथ पीजी कालेज के प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र सिंह ने कहा कि 21वीं सदी वैश्विक स्तर पर महिला सशक्तिकरण की सदी है। अवेद्यनाथ ने पूर्व में ही इसे अपनाकर महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक प्रयास किए।

अतिथियों का स्वागत डॉ. सरिता सिंह ने किया तथा संचालन सोनी कुमारी ने किया। आभार ज्ञापन डॉ. सुषमा श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर डॉ. वंदना त्रिपाठी, डॉ. मांगलिका, डॉ. ममता आदि उपस्थित थीं।
विज्ञापन

प्रोजेक्ट सहायक पद पर इंटरव्यू 17 फरवरी को

गोरखपुर विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग में डिपार्टमेंट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी इंस्पायर प्रोजेक्ट के अंतर्गत प्रोजेक्ट सहायक पद के लिए इंटरव्यू 17 फरवरी को सुबह 10 बजे से होगा। विभागाध्यक्ष प्रो. ओपी पांडेय ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने रसायन विज्ञान में परास्नातक की उपाधि प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की हो, वे अपने मूल प्रमाणपत्रों और बॉयोडाटा के साथ इंटरव्यू में हिस्सा ले सकते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें