गोरखपुर विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों की 25 फरवरी से होने वाली वार्षिक परीक्षाएं विश्वविद्यालय सहित कुल 263 महाविद्यालयों पर होंगी। बुधवार को परीक्षा समिति की बैठक में आईं 20 आपत्तियों का निस्तारण कर सूची फाइनल कर ली गई है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ अमरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रस्तावित सूची के सापेक्ष तीन फरवरी को अपराह्न दो बजे तक आपत्तियां मांगी गई थीं। प्रति कुलपति प्रो. हरिशरण की अध्यक्षता में बनी कमेटी ने सभी आपत्तियों का निस्तारण कर दिया है। कुछ महाविद्यालयों ने परीक्षा केंद्र बनाने के लिए अनुरोध किया था लेकिन मानक के अनुरूप उन्हें नहीं पाया गया। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र बनाने में यह ख्याल रखा गया है कि केंद्र से किसी महाविद्यालय की दूरी 15 किलोमीटर से ज्यादा की नहीं हो।
50 केंद्रों से राउटर का आईपी मांगा गया
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अमरेंद्र सिंह ने बताया कि 50 परीक्षा केंद्र ऐसे हैं जहां राउटर तो लगा दिए गए हैं लेकिन महाविद्यालय की ओर से आईपी उपलब्ध नहीं कराया गया है। उन्हें हिदायत दी गई है कि जल्द वे आईपी परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में भेज दें।
12 तक हो जाएगी केंद्राध्यक्षों की तैनाती
परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि अब परीक्षा केंद्रों पर केंद्राध्यक्षों की तैनाती की जाएगी। केंद्राध्यक्ष बनने के लिए शिक्षकों से आवेदन मांगा गया है। 12 फरवरी तक केंद्राध्यक्षों की तैनाती कर दी जाएगी।