धरने पर बैठे संत कबीर छात्रावास के छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर विश्वविद्यालय के संत कबीर छात्रावास में रोटी न बनाए जाने और खाने की गुणवत्ता खराब होने से नाराज छात्रावासियों ने सोमवार की रात जमकर प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। मौके पर पुलिस भी पहुँच गई। छात्रावास अधीक्षक से वार्ता के बाद पुलिस ने छात्रों को समझा कर शांत कराया।
छात्रावास के मेस में खाने की खराब क्वालिटी को लेकर छात्र पहले से ही नाराज थे। सोमवार की सुबह रोटी नहीं बनी थी, शाम को जब विद्यार्थी खाना खाने आए उस दौरान भी रोटी नहीं बनाई गई। उन्हें खाने के लिए चावल व सब्जी दी गई। जिससे छात्रावासी भड़क गए, उन्होंने खाने से इंकार कर दिया। उनका कहना था कि जब मेन्यू तय है तो उसी के हिसाब से खाना बनना चाहिए।
छात्रावासियों का कहना था कि आए दिन घटिया क्वालिटी का खाना हम लोगों को खिलाया जाता है। जब तक व्यवस्था नहीं सुधरेगी हम लोग मेस से खाना नहीं खाएंगे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस पहुंच गई। इसके बाद पुलिस ने छात्रावास अधीक्षक से बात कर छात्रों को समझाया और आश्वस्त किया कि खाने की क्वालिटी बेहतर मिलेगी। आश्वासन के बाद छात्रों ने धरना समाप्त किया। कुछ छात्रों ने मेस में जाकर भोजन भी किया।
छात्रावास अधीक्षक आशुतोष दीक्षित ने बताया कि सोमवार को खाना बनाने वाले कारीगर मोटरसाइकिल फिसलने से चोटिल हो गए। इसलिए समय से नहीं पहुंच पाए और रोटी नहीं बन पाई। हालांकि उन्होंने विकल्प के रूप में छात्रों को खाने के लिए पूड़ी छान कर दी। छात्रों से बात कर उन्हें समझा लिया गया। सभी ने भोजन किया।