अगले महीने से शुरू होने वाली केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की परीक्षाओं के कॉपियों की छपाई में पहली बार बड़ी चूक सामने आई है। बोर्ड की ओर से तैयार कॉपियों में विद्यार्थियों के रोलनंबर को भरने के लिए सात बॉक्स ही बनाए गए हैं। जबकि विद्यार्थियों का रोलनंबर आठ नंबर का है। ऐसे में बोर्ड ने सभी जिला समन्वयकों को निर्देश जारी कर बच्चों को कॉपियों में रोल नंबर भरने के तरीके में बदलाव लाने का निर्देश दिया है। इसका आदेश सीबीएसई बोर्ड से संचालित जिले के 104 विद्यालयों में पहुंच गया है।
आदेश के मुताबिक परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को आंसर शीट में रोल नंबर का पहला नंबर बॉक्स के बाहर लिखना होगा। पहले नंबर को बाहर लिखने के बाद शेष बचे सात नंबर बॉक्स के अंदर भरने होंगे। ये व्यवस्था सत्र 2019-20 के लिए ही लागू होगी। बोर्ड ने इसे लेकर सभी जिला समन्वयकों को पूर्व में ही कार्यशाला का आयोजन कर प्रशिक्षण दिया है। इसके तहत सभी को अपने जिले के अंदर आने वाले विद्यालयों के संचालकों और प्रधानाचार्यों को इस बारे में अवगत कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही परीक्षाओं के शुरू होने से पहले नियमित कक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों को नए नियम के बारे में जानकारी देने का निर्देश दिया है।