‘अपराजिता’ 100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत पुलिस की पाठशाला का आयोजन शुक्रवार को गोरखनाथ स्थित जेपी एजुकेशन एकेडमी में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से किया गया।
विज्ञापन
इस दौरान सीओ गोरखनाथ प्रवीण सिंह शिक्षक की भूमिका में नजर आए। बेटियों से कहा कि कहीं आते-जाते कोई परेशान करता है तो छुपाएं नहीं, अपने अभिभावक , शिक्षक या पुलिस को बताएं। 100 या 1090 पर कॉल कर परेशान करने वाले की जानकारी दें। निश्चित तौर पर मनचला जेल में होगा।
उन्होंने बताया कि इन नंबरों पर आने वाली हर कॉल रिकॉर्ड होती है। लिहाजा इसपर कार्रवाई भी तुरंत होगी। इस दौरान उन्होंने साइबर क्राइम के बारे में विस्तार से बताया।
विज्ञापन
जेपी एजुकेशन एकेडमी के निदेशक डॉ. सलिल के श्रीवास्तव ने अमर उजाला के अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में कानून की समझ विकसित होगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अभिषेक कुमार, श्वेता पांडेय, रंजना श्रीवास्तव समेत पूरे विद्यालय परिवार का सराहनीय योगदान रहा।
Trending Videos
बच्चों ने झिझक तोड़ी, पूछे सवाल
शिवांश द्विवेदी ने पूछा कि कोई घटना होने पर लोग पुलिस को फोन क्यों नहीं करना चाहते, शिकायत करने वाले का नाम छुपाया जाता है या नहीं। सीओ ने जवाब दिया कि अब पुलिस की छवि काफी बदल गई है, यूपी 112 पर फोन करने के कुछ मिनटों के बाद ही पुलिस मौके पर पहुंच जाती है।
शिकायत करने वाला चाहे तो उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया जाता। अविनाश, परिधि, अंशिका साहिल, सैयद रेहान और ऋतिक उपाध्याय ने भी अपनी जिज्ञासा शांत की।
बच्चों को किया जागरूक
1090 और डॉयल 112 के बारे में दी जानकारी
सोशल साइट्स पर सोच समझ कर दोस्त बनाएं
दुर्घटनाएं ओवर स्पीडिंग से होती हैं, धीरे चलें
यातायात नियमों को समझें और पालन करें
अभिभावक जिम्मेदार बनें, कम उम्र में वाहन न दें
ऑनलाइन शॉपिंग और बैकिंग में सतर्कता बरतें
महिला सम्मान की ली शपथ
सीओ गोरखनाथ प्रवीण सिंह, जेपी एजुकेशन एकेडमी के निदेशक डॉ. सलिल के श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को महिलाओं के सम्मान की शपथ दिलाई। बच्चों ने इसके पालन का भरोसा दिलाया।
महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 उपयोगी है। तमाम मामलों में छात्राएं डर कर समस्याएं साझा नहीं करतीं। पुलिस की सक्रियता पता चली। मुझे कोई परेशानी हुई तो जरूर आवाज उठाऊंगी- समृद्धि पांडेय, कक्षा-10
दूसरों को भी जागरूक करूंगी
अमर उजाला फाउंडेशन के कार्यक्रम में अपने अधिकारों से संबंधित कई अहम जानकारियां मिलीं। मौका पड़ने पर इसका लाभ खुद उठाउंगी, दूसरों को भी जागरूक करने का प्रयत्न करूंगी। - नंदिता वर्मा, कक्षा-10
बहुत कुछ सीखने को मिला
एएसपी ने महिला सुरक्षा एवं ट्रैफिक नियमों की जो जानकारी दी उससे हमें बहुत कुछ सीखने को मिला। यह समझना चाहिए की ट्रैफिक नियमों का पालन करने से दुर्घटनाओं में कमी आएगी। - परिधि भार्गव, कक्षा-11
जानकारी को बनाऊंगी हथियार
महिला सुरक्षा के प्रति पुलिस कितनी संवेदनशील है, कार्यक्रम के माध्यम से पता चला। इन जानकारियों से अपने आसपास हो रही घटनाओं को रोकने का भरसक प्रयास करूंगी।- शिवांगी त्रिपाठी, कक्षा-11