शहर के 82 परीक्षा केंद्रों पर उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा यूपी टीईटी होगी। दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा में कुल 48863 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के दृष्टिगत जहां-जहां केंद्र बनाए गए हैं वहां स्कूल-कॉलेज बुधवार को बंद रहेंगे। दो पालियों में परीक्षा का आयोजन होगा। सुबह 10 से 12:30 बजे तक 52 केंद्रों पर प्राथमिक की परीक्षा होगी जिसमें 30677 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। इसी तरह दोपहर 2:30 से 5 बजे तक 30 केंद्रों पर होने वाली जूनियर वर्ग की परीक्षा में 18186 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। हर केंद्र पर पर्याप्त पुलिस के साथ ही 119 अफसर निगरानी और पेपर आदि परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए तैनात किए गए हैं। कुल 52 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 52 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट जो जिला प्रशासन की तरफ से तैनात तथा एक पर्यवेक्षक जो शिक्षा विभाग की तरफ से तैनात किए गए हैं।