फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: किराए के विवाद में कैब चालक ने की थी सीआईएसएफ जवान की हत्या, गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
गोरखपुर। गीडा क्षेत्र में सीआईएसएफ जवान कर्मबीर यादव (38) की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, कैब के किराए के बकाया रुपये को लेकर हुए विवाद में चालक ने जवान की हत्या कर दी थी। धनबाद से घर आने के लिए कर्मबीर ने 14 हजार रुपये में प्राइवेट कार बुक की थी और चालक को 7,800 रुपये एडवांस दिए थे। आरोप है कि बोक्टा के पास विवाद होने पर चालक ने उन्हें कार से धक्का देकर गिरा दिया और पास में पड़ी ईंट से सिर पर वार कर दिया। पुलिस ने आरोपी चालक सुनील कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है। बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
विज्ञापन


बाघागाड़ा निवासी कर्मबीर यादव की तैनाती धनबाद में थी। उनके भाई धर्मबीर के मुताबिक, कर्मबीर चार अक्तूबर को छुट्टी लेकर घर आने के लिए निकले थे। ट्रेन छूट जाने के कारण उन्होंने किराए की गाड़ी से घर आने का फैसला किया। रविवार देर रात करीब 12 बजे कालेसर जीरो प्वाइंट के पास बोक्टा-बरवार बांध के किनारे वह अचेत अवस्था में पड़े मिले। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जेब से मिले सीआईएसएफ के परिचय पत्र से उनकी पहचान हुई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई थी। इसके बाद पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
विज्ञापन

एसपी नॉर्थ राजेश घुनावत ने बताया कि विवेचना में सामने आया कि कर्मबीर ने चार अक्तूबर को घर आने के लिए 14 हजार रुपये में प्राइवेट कार बुक की थी। इसके लिए चालक को 7,800 रुपये एडवांस दिए गए थे। शेष रकम घर पहुंचने पर देनी थी। रास्ते में बोक्टा के पास किराए के बकाया रुपये को लेकर चालक और जवान के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि इसी दौरान चालक ने कर्मबीर को कार से धक्का देकर गिरा दिया और पास में पड़ी ईंट से उनके सिर पर वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। वह मूल रूप से बलिया जिले के नगरा थाना क्षेत्र के नवाबगंज गांव का निवासी है। वर्तमान में वह झारखंड के धनबाद जिले के न्यू विशुनपुर में हनुमान मंदिर के पास रह रहा था।

सीआईएसएफ में एसआई हैं कर्मबीर के पिता
कर्मबीर के भाई धर्मबीर ने बताया कि उनके पिता दिनेश चंद्र यादव भी सीआईएसएफ में सब इंस्पेक्टर (एसआई) के पद पर तैनात हैं। वर्तमान में उनकी ड्यूटी पटना एयरपोर्ट पर है। पिछले एक माह से मां विद्या भी उनके साथ पटना में रह रही थीं। कर्मबीर की पत्नी प्रतिमा यादव और बेटी रिया का रो-रोकर बुरा हाल है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें