गुरु गोरक्षनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में अतिथि व्याख्यान
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय से संचालित गुरु गोरक्षनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (आयुर्वेद कॉलेज) में मंगलवार को अतिथि व्याख्यान आयोजित किया गया। इस दौरान आयुर्वेद के महत्व और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की गई। इस दौरान कहा गया कि आयुर्वेद के सिद्धांतों को अपनाकर व्यक्ति स्वस्थ और दीर्घायु बना रह सकता है।
पहले सत्र में आईटीएम आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज, महराजगंज के प्राचार्य प्रो. एचएन डे ने कहा कि आयुर्वेद के सिद्धांतों और नियमों को अपनाकर तमाम बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।
दूसरे व्याख्यान में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज मऊ के सह आचार्य डॉ. जयप्रकाश दूबे ने कहा कि अगर विद्यार्थियों को कुशल वैद्य बनना है तो व्यक्तित्व को प्रभावशाली बनाना होगा। इसके लिए आयुर्वेद के साथ मॉडर्न पैथी का भी ज्ञान अर्जित करने में हिचक नहीं होनी चाहिए।
तीसरे व्याख्यान में आयुर्वेद के प्राध्यापक डॉ. धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पढ़ाई पूरी होने के बाद उसका अभ्यास भी जरूरी है।
इस अवसर पर गोरक्षनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के प्राचार्य डॉ. मंजूनाथ एनएस ने अतिथि वक्ताओं को स्मृति चिह्न देकर उनका अभिनंदन किया।