लंबे समय से यूपी और बिहार के बीच ठप परिवहन निगम की सेवाएं एक बार फिर शुरू होने जा रही हैं। निगम ने किराया भी तय कर दिया है। एक-एक बस सेवा इस सप्ताह पटना और मोतिहारी के लिए शुरू हो जाएगी। इसी क्रम में देवरिया और महराजगंज से भी बिहार के लिए बस सेवा शुरू होने वाली है।
गोरखपुर शहर में नौकरीपेशा वालों से लगायत मकान बनवाकर रहने वालों की संख्या तकरीबन एक लाख है। बड़ी संख्या में लोग खरीदारी से लेकर इलाज कराने शहर में आते हैं। आवाजाही के लिए इन्हें डग्गामार बसों का सहारा लेना पड़ता है। गोरखपुर डिपो की साधारण बस बिहार की राजधानी पटना और मोतिहारी के लिए भी चलेगी। जिम्मेदारों ने बस की टाइमिंग और किराया को तय कर लिया है। बिहार के लिए बस सेवा को लेकर लंबे समय से मांग चल रही थी।
तीन साल पहले भी शुरू हुई थी बस सेवा
वर्ष 2017 में पटना के लिए गोरखपुर से बस सेवा शुरू हुई थी, लेकिन लोड फैक्टर के चलते संचालन नहीं हो सका। गोरखपुर डिपो के एआरएम केके तिवारी का कहना है कि पटना और मोतिहारी के लिए बस सेवा शुरू करने के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। मशीन में किराया फीड कराया जा रहा है। बिहार के अधिकारियों से भी सवारियों की उपलब्धता को लेकर वार्ता की गई है।