उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में सोमवार की सुबह करीब नौ बजे दिल्ली से बिहार के मोतीहारी जिला जा रही प्राइवेट बस हाटा कोतवाली क्षेत्र के ढाढ़ा चौराहे के पास ओवरब्रिज के नजदीक ही पलट गई। हादसा एक ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान हुआ।
मौके पर पहुंचे लोगों ने बस का शीशा तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। हाटा कोतवाली पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने चोटिल 20 यात्रियों का मौके पर ही प्राथमिक उपचार कराया। इसके बाद दूसरी बस से यात्रियों को बिहार भेजा गया।
इस बस में सवार मुजफ्फरपुर (बिहार) के रहने वाले जयमंगल और मोतीहारी के रहने वाले आत्माराम ने बताया कि बस दिल्ली से मोतीहारी जा रही थी। ढाढ़ा चौराहे के पास बस चालक ने एक ट्रक से आगे निकलने का प्रयास किया। इस दौरान ट्रक के पिछले हिस्से से टकराकर बस अनियंत्रित हो गई।
चालक ने गाड़ी रोकने का प्रयास किया और इसी दौरान लहराती हुई गाड़ी हाईवे के डिवाइडर से टकराकर पलट गई। बस में बैठे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। यात्री एक दूसरे के ऊपर गिरे पड़े थे। किसी तरह से बस का शीशा तोड़कर अंदर से एक-एक कर यात्रियों को बाहर निकाला गया।
इस घटना में 20 यात्रियों को हल्की चोटें आई थीं। मौके पर पहुंची हाईवे पेट्रोंलिंग की एंबुलेंस में घायलों का उपचार किया गया। बाद में पुलिस ने बिहार की तरफ जा रही दूसरी बसों में बैठाकर यात्रियों को उनके घरों की ओर रवाना किया। हादसा देखकर कुछ देर के लिए वहां अफरा तफरी का माहौल बन गया था।