इलाके के बर्रोही गांव में पानी से भरे खेत में रविवार तड़के हत्या कर फेंके गए एक युवक की लाश मिली। युवक के गले को धारदार हथियार से रेता गया था और उसके नाजुक अंग को काट दिया गया था। पुलिस ने हत्या आरोपित दीपेंद्र सिंह को गिरफ्तार करके वारदात का आठ घंटे में पर्दाफाश कर दिया। आरोपित दीपेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह सुरजीत की बहन से बातचीत करता था। सुरजीत ऐसा करने से मना करता था इसलिए उसकी हत्या कर दी।
जानकारी के मुताबिक, अवरारूप गांव निवासी सुरजीत (22) पुत्र लक्ष्मीकांत साइकिल मरम्मत की दुकान चलाता था। यहीं पर आने-जाने के दौरान दीपेंद्र को सुरजीत की बहन का मोबाइल नंबर मिल गया। इसके बाद वह उसे फोन करके परेशान करने लगा। दीपेंद्र ने 45 दिनों में सुरजीत की बहन के मोबाइल पर 364 बार कॉल की। इसकी जानकारी बहन ने सुरजीत को दी तो उसने दीपेंद्र से ऐसा न करने की गुहार लगाई और बहन से बात करने से मना किया। इससे दीपेंद्र नाराज हो गया।
शनिवार को उसने फोन करके सुरजीत को बातचीत करने के लिए बुलाया। सुरजीत बातचीत के लिए दीपेंद्र की बताई जगह पर चला गया। इस दौरान दीपेंद्र को लगा कि सुरजीत की हत्या कर दी जाए तो उसकी बहन से आसानी से बातचीत हो सकती है। बातचीत के दौरान ही दीपेंद्र ने हंसिया और डंडा से हमला कर सुरजीत को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल डंडा और हंसिया बरामद किया है।
वहीं, सुबह शव मिलने की सूचना मिलते ही एसएसपी जोगेंद्र कुमार मौके पर पहुंच गए और छानबीन शुरू करा दी थी। मोबाइल सीडीआर और अन्य संसाधनों की मदद से पुलिस ने आठ घंटे में अवरारूप गांव के पास के दीपेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।