संतकबीरनगर जिले के नगर पंचायत बखिरा के मंगल बाजार मोहल्ले में सोमवार की देर शाम निर्माणाधीन मकान की दीवार गिर गई। मलबे के नीचे दबने से भाई की मौत हो गई, वहीं बहन घायल हो गई है। घायल का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पीड़ित पिता शिवशंकर कसेरा ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास में मिले रकम से वह अपने कच्चे मकान को गिराकर नए मकान का निर्माण करवा रहे थे। सामान रखने के लिए दीवार में छज्जा बनाया गया था। सटरिंग हटाकर सफाई करने के दौरान छज्जा के साथ ही दीवार भरभराकर गिर गई।
दीवार के मलबे के नीचे 22 वर्षीय बेटा संजय और 17 वर्षीय बेटी चांदनी दब गई। दोनों को इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान संजय की मौत हो गई। जबकि बेटी का उपचार जिला अस्पताल में अभी चल रहा है।
अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मंगलवार को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।