पादरी बाजार। शाहपुर क्षेत्र के गीता वाटिका स्थित धोबी गली में फास्ट फूड का ठेला लगाने वाले युवक से मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी है। गिरधरगंज बाजार निवासी अमित कुमार यादव की तहरीर पर स्नेहा यादव, सृष्टि यादव, उनकी बुआ रेखा व अनीता, महफूज आलम उर्फ गोलू और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
अमित के मुताबिक वह गीता वाटिका में किराये के कमरे में रहता है और मकान के सामने फास्ट फूड का ठेला लगाता है। आरोप है कि ठेला हटाने को लेकर पहले भी स्नेहा यादव, सृष्टि यादव और स्नेहा की मां ने धमकी दी थी। 16 सितंबर को दोपहर करीब ढाई बजे वह ठेले पर पहुंचा तो आरोपियों ने ईंट मारकर उसमें तोड़फोड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर उसे घेरकर ईंट, डंडे और धारदार हथियार से हमला किया गया। उसकी बुलेट मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त कर दी गई। तहरीर के मुताबिक भीड़ जुटने पर अमित किसी तरह बचकर निकला और डायल 112 पर सूचना दी। आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी फिर दुकान में घुस आए और उसके साथ मारपीट की। अमित ने सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोट लगने की बात कही है। थाना प्रभारी अंजय सिंह ने बताया कि हमलावरों की तलाश में दबिश दी जा रही है।