चंडीगढ़ पीजीआई से मेडिकल कॉलेज पहुंची महिला की मौत, शव छोड़कर परिजन फरार
मेडिकल कॉलेज (गोरखपुर)। चंडीगढ़ पीजीआई से प्राइवेट एंबुलेंस से रविवार शाम बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंची महिला की मौत के बाद परिजन फरार हो गए। काफी खोजबीन के बाद जब परिजन नहीं आए तो प्राइवेट एंबुलेंस चालक ने सोमवार सुबह पुलिस को सूचना दी। पुलिस शव को मोर्चरी में रखवाकर मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ पीजीआई से एक युवक प्राइवेट एंबुलेंस से 25 वर्षीय महिला को लेकर रविवार शाम पांच बजे बीआरडी मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर पहुंचा। ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद साथ आया युवक फरार हो गया। चालक ने काफी देर तक एंबुलेंस में शव रखकर ट्रामा सेंटर के बाहर युवक का इंतजार किया। रातभर इंतजार के बाद भी युवक नहीं पहुंचा तो सुबह उसने डॉयल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मेडिकल कॉलेज चौकी की पुलिस पहुंची।
एंबुलेंस चालक ने पुलिस को बताया कि रास्ते में युवक ने उससे कहा था कि महिला का नाम सुधा पत्नी राजेश है। वह कुशीनगर जिले की रहने वाली है। युवक ने उसे बस इतनी ही जानकारी दी थी। पुलिस युवक के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाकर जांच में जुटी है।
इस संबंध में चौकी प्रभारी गौरव कन्नौजिया ने बताया कि पुलिस महिला के साथ आए युवक के बारे में पता लगा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है।