संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद- मेंहदावल मार्ग पर बुधवार को बनकटिया गांव के पास ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि बाइक पर पीछे बैठी महिला घायल हो गई। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद महिला को डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जिले के गुलरिहा क्षेत्र के रघुनाथपुर के टोला मिरचाइन निवासी सुदामा मौर्या (24) बुधवार को अपनी 50 वर्षीय चाची किशोरी मौर्या को इलाज के लिए बाइक से खलीलाबाद ले जा रहे थे।
अभी खलीलाबाद-मेंहदावल मार्ग पर बनकटियां के पास पहुंचे ही थे कि सामने से तेज गति से गुजरे ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सुदामा मौर्या की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि किशोरी मौर्या गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला।
मौके पर जुटी भीड़ ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने सुदामा मौर्या को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल किशोरी को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। गोरखपुर जिले के सहजनवां क्षेत्र के घघसरा बाजार के रहने वाले राजगोविंद मौर्या ने बताया कि मृतक सुदामा मौर्या उसके भांजे थे। जबकि घायल किशोरी देवी उसकी बहन है।
भांजा सुदामा मौर्या तीन भाईयों में सबसे छोटा था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। वह हैदराबाद में पेंट पॉलिश का काम करता था। सीओ गयादत्त मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में तहरीर मिलने पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।