गोरखपुर। रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को अनाधिकृत पानी की बोतलों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। स्टेशन निदेशक रतन दीप गुप्ता और डीसीआई टीम की संयुक्त कार्रवाई में अवैध पानी की कुल 444 बोतलें जब्त की गईं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान ट्रेन संख्या 15707 और 15273 में ये बोतलें लावारिस हालत में पाई गईं। जब्त की गई बोतलें बिस्लरी और एक्वा प्लस जैसे गैर-स्वीकृत ब्रांड की थीं, जिन्हें बिना अनुमति यात्रियों को बेचने की आशंका है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की अनधिकृत बिक्री रेलवे नियमों का उल्लंघन है और यात्रियों के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन सकती है। कई बार ऐसी बोतलों की गुणवत्ता संदिग्ध होती है, जिससे बीमारियों का जोखिम बढ़ जाता है।
कार्रवाई के दौरान बरामद सभी 444 बोतलों को आगे की प्रक्रिया के लिए एलपीओ को भेज दिया गया है। रेलवे प्रशासन ने साफ किया है कि स्टेशन और ट्रेनों में अनधिकृत विक्रेताओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। स्टेशन निदेशक ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद्य व पेय पदार्थ खरीदें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे को दें, ताकि ऐसी अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।