अभिनेता इरफान खान के साथ लखनऊ के ताज होटल में राजेश पांडे।
- फोटो : अमर उजाला।
अभिनेता इरफान खान की मूवी हासिल में उनके छात्रनेता की छवि वाले रणविजय सिंह की बात हो या पान सिंह तोमर वाले फौजी कि, किरदारों का जिक्र नाम लेते जुबां पर अपने आप ही आ जाता है। और ऐसे में अगर उनकी मुलाकात किसी छात्रनेता से हो तो उनकी हासिल फिल्म का जिक्र होना बेहद लाजमी है।
इनमें से ही एक हैं गोरखपुर विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रनेता राजेश पांडेय। 2016 मे लखनऊ के होटल ताज में उनकी आधे घंटे की मुलाकात अभिनेता इरफान खान से हुई थी। इरफान खान के निधन के बाद अमर उजाला ने फोन पर उनसे मुलाकात का जिक्र किया तो उन्होंने बताया कि उनसे मिलने के बाद लगा ही नहीं कि इतने बड़े अभिनेता से मुलाकात हुई थी।
उनकी सादगी ने बहुत प्रभावित किया। पान सिंह तोमर पर उनसे जब बात हुई तो उन्होंने दो टूक कहा कि आज भी यही सच है कि बीहड़ में बागी मिलते हैं, डकैत मिलते हैं पार्लियामेंट में। ऐसे ही उनसे उनकी शुरूआती फिल्मों में से एक हासिल के बारे में भी बातचीत हुई।
इसमें उनका बेबाक, निर्भीक छात्रनेता वाला किरदार उस वक्त के लोगों में खासा चर्चित था। उन्होंने कहा कि किसी मूवी को बतौर अभिनेता जीना बेइमानी होती है। जीना हो तो उसका हिस्सा बन जाओ, जीने की मजा ही अलग होगा। राजेश पांडेय गोरखपुर ग्रामीण विधान सभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी के तौर पर विधान सभा चुनाव लड़ चुके हैं।