पिपराइच इलाके की घटना, पुलिस ने दहेज हत्या में दर्ज की प्राथमिकी
पिपराइच (गोरखपुर)। थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में सोमवार सुबह एक नवविवाहिता का शव घर के अंदर पंखे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। मामले में महिला के भाई की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
महिला की पहचान महेश चौरसिया की पत्नी कविता चौधरी के रूप में हुई है। वह महराजगंज जिले के हेमछापर, सुखदेवपुर निवासी रामकोलम चौरसिया की बेटी थी। परिजनों के अनुसार, कविता की शादी सात मई 2026 को महेश चौरसिया के साथ हुई थी। सोमवार सुबह करीब आठ बजे परिवार के सदस्यों ने कविता को घर के एक कमरे में पंखे से लटका देखा। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
कविता के भाई दिलीप चौरसिया ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही बहन के ससुराल के लोग कुछ न कुछ नई चीज की मांग करते थे। सास अक्सर मारपीट करती थी और मायके से दहेज में और सामान लाने की मांग करती थी। आरोप लगाया कि बहन को फंदे से लटकाकर हत्या की गई है। पुलिस ने पति महेश चौरसिया और सास अकाली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
सीओ चौरीचौरा दीपांशी राठौर ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाकर जांच शुरू कर दी गई है। महिला के भाई की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।