गोरखपुर कैंट थाना क्षेत्र के भालोटिया दवा मंडी से अपहरण किए गए युवक का शव मंगलवार को मानीराम के पास रेलवे ट्रैक के किनारे शव मिला है। युवक के अपहरण की जानकारी सोमवार की रात ही परिजनों ने गोरखनाथ पुलिस को दे दी थी। लेकिन, तब पुलिस ने मामले को हल्के में लिया और शव मिलने के बाद हरकत में आई है। युवक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। जमीन विवाद का आरोप लगाते हुए सगे चाचा व उसके परिजनों के खिलाफ कैंट थाने में तहरीर दी है। युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
खबर है कि जांच के दौरान भालोटिया मार्केट की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में अपहरण की घटना कैद हो गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और दिए गए तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, गोरखनाथ इलाके के बिलंदपुर खत्ता निवासी शिवा निषाद (24) पुत्र स्व. लालजी निषाद भालोटिया स्थित प्रगति फार्मा नाम के दुकान पर कर्मचारी था। सोमवार रात करीब 8 बजे शिवा प्रगति फार्मा की पहली दुकान से दूसरी दुकान पर दवाई लेने गया था। इसी बीच कार सवार 4 लोगों ने मिलकर उसका अपहरण कर लिया। काफी देर तक दूसरे दुकान पर जब दवा नहीं पहुंची तो दुकान मालिक से दूसरे दुकान के कर्मचारी ने संपर्क किया।
इसके बाद मालिक सतीश ने शिवा के मोबाइल नंबर पर कॉल किया, लेकिन फोन नहीं उठा। फिर मालिक ने घर पर संपर्क किया, लेकिन वहां भी पता नहीं चला तो तलाश शुरू की गई। बाजार में ही उसकी बाइक खड़ी मिली, जिसके बाद मालिक को संदेह हुआ और परिजनों को सूचना दी।
इसी बीच सीसीटीवी फुटेज भी हाथ लग गया, फिर परिजनों ने गोरखनाथ पुलिस को घटना की जानकारी दे दी। अभी पुलिस जांच कर ही रही थी कि मंगलवार सुबह मानीराम के पास रेलवे ट्रैक से कुछ दूरी पर एक युवक का शव मिल गया। मोबाइल के आधार पर उसकी पहचान शिवा के रूप में हो गई, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और जांच-पड़ताल को आगे बढ़ाना शुरू की है।