- दूसरे चरण का चल रहा है प्रशिक्षण, सीडीओ के औचक निरीक्षण में नदारद मिले कर्मचारी
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। नगर निकाय चुनाव के लिए चल रहे प्रशिक्षण के दूसरे चरण के तीसरे दिन शुक्रवार को 27 ऐसे मतदान कर्मचारी पाए गए जो उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर बनाकर गायब हो गए। प्रभारी अधिकारी कार्मिक (सीडीओ) के औचक निरीक्षण में कर्मचारियों का यह कारनामा सामने आया। उन्होंने संबंधित विभागाध्यक्षों को इन कर्मचारियों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही विभागीय कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया है।
सहायक निदेशक बचत ने बताया कि दूसरे चरण के प्रशिक्षण का शुक्रवार को तीसरा दिन था। शिकायत मिली थी कि कुछ कर्मचारी दस्तखत बनाकर प्रशिक्षण कक्ष से बाहर चले जाते हैं। इसपर सीडीओ ने दूसरे पाली में प्रशिक्षण कक्ष संख्या 17 में दोपहर तीन बजे से औचक निरीक्षण किया तो 27 कर्मचारी ऐसे पाए गए जिनके दस्तखत तो उपस्थिति पंजिका पर बने थे, मगर वे प्रशिक्षण कक्ष में मौजूद नहीं थे।
ये कर्मचारी मिले नदारद-
कृष्ण कुमार मिश्रा, राकेश कुमार विश्वकर्मा, रुची मल्ल, राम सिंह, जगन्नाथ, रणविजय सिंह, नीलू सिंह, सेवक कुमार परिचारक, अमरेश कुमार, शिवेंद्र कुमार राय, सुनीता, मित्रसेन सिंह, कुमार सत्यम, मिथिलेश सिंह, दिलीप कुमार, अजीत कुमार, रवि कुमार मिश्रा, सरोज सिंह, ध्रुव नारायण मल्ल, शारदा प्रसाद प्रजापति, बालकरन, सुमन वर्मा, अजय कमार, विश्वनाथ तिवारी, मुन्ना लाल, पंकज कुमार, धनवंतरि प्रसाद शामिल हैं।
मेयर के लिए 88, पार्षद के लिए 99 वोट पड़े
गोरखपुर। प्रशिक्षण के बाद मतदान कार्मिकों ने बैलेट मतपत्र के जरिए अपने मताधिकार का भी इस्तेमाल किया। इस दौरान मेयर पद के लिए 88, विभिन्न वार्ड के पार्षद के लिए 99 तथा 11 नगर पंचायतों में अध्यक्ष और सदस्य के लिए 27-27 वोट पड़े। ब्यूरो