फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्यार, उलझन और मौत: मुंबई से लौटे शादाब-निकहत की संदिग्ध मौत, हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका-कमरे में मिला शव

Wed, 13 May 2026 01:58 PM IST
Rohit Singh अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर

सार

मंगलवार रात दोनों ने साथ में खाना खाया और अपने कमरे में चले गए। घरवालों को उस समय किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं था। सुबह जब काफी देर तक कमरा नहीं खुला तो परिवार को चिंता हुई। कई बार आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। स्थिति संदिग्ध लगने पर घरवालों ने दरवाजा तोड़ा जिसके बाद जो दृश्य सामने आया उसने सभी को झकझोर दिया। कमरे में शादाब का शव सीलिंग फैन से लटका हुआ पाया गया जबकि निकहत बेड पर मृत अवस्था में पड़ी थी।
विज्ञापन
मृतक दंपत्ति की फाइल फोटो - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बेलघाट थाना क्षेत्र के मुकारीपुर गांव में प्रेम विवाह करने वाले दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार सुबह कमरे के अंदर पति शादाब (25) का शव पंखे से लटका मिला, जबकि गर्भवती पत्नी निकहत निशा (24) बेड पर पड़ी थीं। उनके मुंह से झाग निकल रहा था। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच की।

विज्ञापन


शुरुआती जांच में जहरीला पदार्थ खाने और फंदा लगाकर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। मुकारीपुर गांव निवासी शादाब ने नवंबर 2025 में निकहत निशा से प्रेम विवाह किया था। शादाब के पिता तस्वुर ने बताया कि दोनों ने आपसी सहमति से शादी की थी। परिजनों के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।

मंगलवार सुबह करीब नौ बजे शादाब की बहन कमरे पर पहुंची। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो शादाब का शव पंखे से लटका था जबकि निकहत बेड पर पड़ी थी। शोर मचाने पर पहुंचे लोगों ने दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

पत्नी की हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका पर भी जांच
एसपी साउथ दिनेश पुरी के मुताबिक, कमरा भीतर से बंद होने के कारण शुरुआत में यह आशंका जताई गई कि पत्नी की हत्या के बाद पति ने फंदा लगाकर जान दी होगी लेकिन अब तक की जांच में ऐसे कोई स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिले हैं। दोनों लोवर और टी-शर्ट पहने हुए थे। पुलिस का कहना है कि दोनों इस्लामिक परंपरा के अनुरूप रहन-सहन में थे।

किसी बाहरी हस्तक्षेप के संकेत फिलहाल नहीं मिले हैं। जांच के दौरान पुलिस ने दंपती के मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए हैं। हालांकि दोनों मोबाइल अभी अनलॉक नहीं हो सके हैं। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों और कॉल डिटेल के आधार पर भी घटना की कड़ियां जोड़ने में लगी है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।

मुंबई में रहते हैं निकहत के पिता
परिजनों ने बताया कि निकहत गर्भवती थी। निकहत के माता-पिता मुंबई में रहते हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। शादाब दो भाइयों और चार बहनों में चौथे नंबर पर थे। एसपी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी। घरेलू विवाद, आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

मुंबई से शुरू हुई कहानी गांव की उलझनों में बदली, एक ही कमरे में मिला दंपती का शव
निकहत बचपन से ही अपने परिवार के साथ मुंबई में रह रही थी और वहीं पली-बढ़ी। शादाब से शादी के बाद वह गांव के माहौल और पारंपरिक जीवनशैली में खुद को ढाल नहीं पा रही थी। परिवार के अनुसार, शादी के कुछ ही दिनों बाद दोनों के बीच आपसी मतभेद बढ़ने लगे थे, जो धीरे-धीरे विवाद का कारण बन गया। आए दिन दोनों में विवाद शुरू हो गया था।

रोजमर्रा की जिंदगी में बढ़ते तनाव के बीच दोनों के रिश्ते में खटास साफ दिखाई देने लगी थी। बताया जा रहा है कि निकहत कई बार शादाब पर आर्थिक असमर्थता और बेरोजगारी को लेकर ताने कसती थीं। दोनों के बीच बातचीत में तीखापन बढ़ता जा रहा था और घर का माहौल लगातार तनावपूर्ण होता जा रहा था।

मंगलवार रात दोनों ने साथ में खाना खाया और अपने कमरे में चले गए। घरवालों को उस समय किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं था। सुबह जब काफी देर तक कमरा नहीं खुला तो परिवार को चिंता हुई। कई बार आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।

स्थिति संदिग्ध लगने पर घरवालों ने दरवाजा तोड़ा जिसके बाद जो दृश्य सामने आया उसने सभी को झकझोर दिया। कमरे में शादाब का शव सीलिंग फैन से लटका हुआ पाया गया जबकि निकहत बेड पर मृत अवस्था में पड़ी थी। उसके मुंह से झाग निकलने की बात भी सामने आई।
विज्ञापन

मोबाइल से मिले संकेत और पुलिस जांच
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि निकहत और शादाब के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत होती थी। पुलिस को निकहत की ओर से भेजे गए कुछ संदेश मिले हैं, जिनसे दोनों के रिश्तों में तनाव की पुष्टि होती है। एसपी साउथ दिनेश पुरी के अनुसार, दोनों के मोबाइल फोन लॉक हैं, जिन्हें खोलने के लिए साइबर और फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।

मोबाइल डेटा की जांच से घटना से जुड़े कई अहम तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले को हर एंगल से देख रही है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था। परिवार सदमे में है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें