गोरखपुर। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल रामगढ़ताल में दूसरे दिन भी बोटिंग पूरी तरह बंद रही। रविवार की रात हुए हादसे के बाद बोटिंग संचालन पर रोक है। मंगलवार को भी ताल पर पहुंचने वाले पर्यटकों को मायूस होकर लौटना पड़ा जबकि सामान्य दिनों में यहां सुबह से देर शाम तक लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिलती है।
बोटिंग बंद होने का सबसे अधिक असर उन पर्यटकों और परिवारों पर पड़ा जो आनंद लेने पहुंचे थे। बोटिंग संचालन से जुड़े कर्मचारियों और नाव संचालकों का काम भी पूरी तरह ठप रहा। देवरिया के राजेश सिंह परिवार संग नौका विहार पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि यहां आने के बाद पता चला कि बोटिंग बंद है। अब ऐसे ही लौटना पड़ेगा।
कुशीनगर के तुर्कपट्टी के दिनेश सैंथवार ने बताया कि सुरक्षा के इंतजाम जरूरी हैं। रविवार रात हुए हादसे के बाद प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। संबंधित अधिकारियों द्वारा बोटिंग संचालन की सुरक्षा व्यवस्था, लाइफ जैकेट, नाव की तकनीकी स्थिति और संचालन प्रक्रिया की समीक्षा की जा रही है। जांच पूरी होने और आवश्यक सुरक्षा मानकों के पालन के बाद ही बोटिंग दोबारा शुरू की जाएगी।
रामगढ़ताल शहर का प्रमुख पर्यटन और मनोरंजन केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के अलावा आसपास के जिलों से भी पर्यटक पहुंचते हैं। बोटिंग बंद रहने से ताल का पूरा वातावरण सूना नजर आया। किनारे पर चहल-पहल की जगह सन्नाटा पसरा रहा और अधिकांश दुकानें व अन्य गतिविधियां भी प्रभावित दिखीं।