- बृहस्पतिवार को गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन से एंटी करप्शन टीम ने किया था गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में बृहस्पतिवार को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़े गए कर्मचारी बृजनाथ सिंह को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया। कुशीनगर के एक महाविद्यालय के कर्मचारी की शिकायत पर एंटी करप्शन की टीम ने यह कार्रवाई की थी। शुक्रवार को कैंट पुलिस ने कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जिले के तमकुहीराज थाना क्षेत्र के भरपटिया गांव निवासी संदीप कुशवाहा ने गोरखपुर विश्वविद्यालय के संबद्धता अनुभाग के कार्यालय अधीक्षक बृजनाथ सिंह के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि बृजनाथ सिंह तमकुहीराज के रामपुर राजा के वैष्णवी महिला महाविद्यालय की मान्यता व सह आचार्य की नियुक्ति का अनुमोदन कराने के एवज में 50 हजार रुपये मांग रहे हैं। इस शिकायत के बाद एंटी करप्शन टीम ने ट्रैप कर अपराह्न करीब तीन बजे विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन परिसर स्थित संबद्धता कार्यालय से बृजनाथ सिंह को घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया था। बृजनाथ सिंह तारामंडल सिद्धार्थ एन्क्लेव में परिवार के साथ रहता है। मूलरूप से वह देवरिया जिले के मईल थाने के पिपरा बांध गांव का रहने वाला है।