दिल्ली जा रहे किसानो को पुलिस ने रेलवे स्टेशन से किया गिरफ्तार।
- फोटो : BASTI
दिल्ली जाने पर अड़े भाकियू के 29 कार्यकर्ता हिरासत में
पुलिस लाइंस में सभी को समझाने में जुटी रही पुलिस, रेलवे स्टेशन परिसर में जाते समय पकड़ा गया था
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरानी बस्ती(बस्ती)। दिल्ली में चल रहे किसान सम्मेलन में शामिल होने जा रहे 29 भाकियू कार्यकर्ताओं को रविवार शाम हिरासत में ले लिया गया। इन सभी को पुलिस लाइंस ले जाया गया। देर रात तक पुलिस कार्यकर्ताओं को समझाने में जुटी रही। वहीं कार्यकर्ता गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने या दिल्ली जाने की अनुमति देने की मांग पर अड़े थे।
रविवार शाम करीब सवा पांच बजे भारतीय किसान यूनियन जिलाध्यक्ष जयराम चौधरी और गन्ना विकास समिति मुंडेरवा के अध्यक्ष दिवान चंद पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ता दिल्ली जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे। परिसर में घुसते ही वहां पहले से मौजूद आरपीएफ, जीआरपी और पुरानी बस्ती थाने की पुलिस ने बैरिकेडिंग करके सभी को प्लेटफार्म पर जाने से रोकते हुए हिरासत में ले लिया। इस दौरान किसानों ने जमकर नारेबाजी की। इन सभी को पुलिस लाइंस ले जाया गया। एएसपी रवींद्र कुमार सिंह ने बताया कि हिरासत में लिए गए भाकियू कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइंस में रखा गया है। उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा है। भाकियू नेता और गन्ना विकास समिति मुंडेरवा के अध्यक्ष दिवान चंद पटेल ने कहा कि पुलिस या तो जेल भेजे या उन्हें दिल्ली जाने की अनुमति दे।