गोरखपुर। बुधवार को भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय (रानीडीहा) में क्षेत्र स्तर की अभियान मॉनीटरिंग टीम की बैठक क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान हर मंडल की अनुसूचित बस्तियों में चौपाल लगाने और संपर्क व संवाद करने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती दो अक्तूबर तक भाजपा की ओर से सेवा पखवाड़ा चल रहा है। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बूथ सशक्तीकरण अभियान को 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए प्राण वायु करार दिया। कहा कि इस अभियान को सफल बनाने में मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी और मंडल प्रवासी की अहम भूमिका है। इसके अलावा पार्टी के प्रदेश, क्षेत्र और जिले के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता कारगर साबित होगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व की मंशा अनुसूचित बस्तियों में संपर्क के लिए चौपाल लगाने की है। इससे जहां आम जन की समस्या जानने में सहायता मिलेगी, वहीं, सहूलियत के द्वार भी खुलेंगे। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने अनुसूचित बस्तियों में संपर्क और संवाद के बाद सोशल मीडिया के माध्यम से समाज में साझा करने पर भी जोर दिया।
बैठक में सिद्धार्थ शंकर पांडेय, नरेंद्र देव शुक्ल, मधुसूदन पांडेय, आशीष गुप्ता, पंकज जयसवाल, हरिकेश गुप्ता, संदीप त्रिपाठी, अमृतलाल भारती, सत्यजीत सिंह, प्रेमनाथ शुक्ला, सुधाकर यादव, अखिलानंद त्रिपाठी आशुतोष पांडेय आदि मौजूद रहे।