पंकज चौधरी ने कांग्रेस की रैली पर निशाना साधते हुए कहा कि 10 लाख लोगों के जुटने की घोषणा की गई थी, लेकिन उनके आकलन के अनुसार 25 से 30 हजार लोग ही पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष कुछ लोगों को दिल्ली में जुटाकर यह दिखाने का प्रयास कर रहा है कि पूरा देश उसके साथ है। भाजपा पदयात्रा के जरिए संदेश देगी कि देश के नागरिक संविधान और संवैधानिक व्यवस्था में विश्वास रखते हैं।
भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय रानीडीहा में प्रेस वार्ता करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी साथ म
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
पदयात्रा की तैयारियों को लेकर रविवार को भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में बैठक हुई। इसमें गोरखपुर क्षेत्र के सभी 12 जिलों के पदाधिकारी, सांसद और विधायक शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं से हर मंडल, बूथ और घर तक पहुंचकर लोगों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
प्रदेश महामंत्री और यात्रा प्रभारी दिलीप पटेल ने कहा कि गोरखपुर क्षेत्र के सभी 12 जिलों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यह पदयात्रा जनता के बीच सच पहुंचाने का संकल्प है। क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था को लेकर विपक्ष की ओर से खड़े किए जा रहे सवालों का जवाब जनता इस पदयात्रा के माध्यम से देगी।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के उत्तर प्रदेश में भाजपा की जमीन नहीं होने संबंधी बयान पर पंकज चौधरी ने कहा कि प्रदेश में किसकी सियासी जमीन है, इसका फैसला जनता करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 12 वर्षों से जनकल्याणकारी योजनाएं जनता तक पहुंचाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की पहचान बदली है। कानून-व्यवस्था और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में हुए कार्यों के आधार पर उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा फिर सरकार बनाएगी और हैट्रिक लगाएगी।